VIDEO: नशेड़ी युवक की महिलाओं‑बच्चों ने लाठी‑डंडे से की पिटाई, लोगों ने बचाया

भिंड जिले के लहार क्षेत्र में शराब के नशे में उत्पात मचा रहे युवक की महिलाओं और बच्चों ने लाठी‑डंडों से पिटाई कर दी. युवक पर गाली‑गलौज और महिला से बदसलूकी का आरोप लगा था. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में अफरा‑तफरी का माहौल बन गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Drunk Man Beaten Video: भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 में शनिवार को एक युवक का शराब के नशे में किया गया उत्पात उसके लिए भारी पड़ गया. झोपड़ी के पास रहने वाले लोहार परिवार की महिलाओं और बच्चों ने मिलकर उसकी लाठी‑डंडों से पिटाई कर दी. मामला देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा‑तफरी का कारण बन गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खुद को बचाने की कोशिश करता दिख रहा है.

महिला से बदसलूकी पड़ी भारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में झोपड़ी के पास पहुंचा और वहां रह रहे परिवार से अभद्र भाषा में गाली‑गलौज करने लगा. आरोप है कि उसने एक महिला के साथ बदसलूकी भी की. पहले महिलाओं ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वह और आक्रामक होता गया, तो परिवार के लोग भड़क उठे और उसे सबक सिखाने का फैसला कर लिया.

Advertisement

महिलाओं और बच्चों ने मिलकर की पिटाई

जैसे ही युवक ने अपना उत्पात जारी रखा, परिवार की महिलाओं और बच्चों ने विरोध करते हुए उसे घेर लिया. इसके बाद उन्होंने लाठी‑डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी. युवक नशे में धुत होने के कारण ठीक से बच भी नहीं पाया और जमीन पर गिर गया. तभी आसपास मौजूद लोगों ने बीच‑बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला.

पिटाई की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. हालांकि, हैरानी की बात यह है कि भीड़ में से किसी ने भी तुरंत पुलिस को सूचना देना जरूरी नहीं समझा. मामला शांत होने पर युवक वहां से चला गया.

पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की

यह पूरा घटनाक्रम लहार थाना क्षेत्र के वार्ड 15 का बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में शराब के नशे में विवाद होना आम बात बन गई है, जिससे लोगों को रोज‑मर्रा की परेशानी झेलनी पड़ती है.