भिंड में LPG सिलेंडरों को लेकर मची दहशत: एजेंसियों ने रोकी कमर्शियल सप्लाई, सिलेंडर से भरी गाड़ी लूटने का प्रयास

Bhind News: गैस सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति सामने आई है. 10 मार्च को मालनपुर और गोहद के बीच बालाजी गैस एजेंसी की सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी को असामाजिक तत्वों द्वारा लूटने का प्रयास किया गया. इतना ही नहीं एजेंसी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की घटनाएं भी सामने आई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhind LPG Cylinders: अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध का असर अब स्थानीय बाजारों में भी दिखाई देने लगा है. भिंड जिले में एलपीजी गैस एजेंसियों के बीच सिलेंडर सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है, जिसके चलते एजेंसी संचालकों में दहशत का माहौल बन गया है. हालात को देखते हुए कई एजेंसियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर फिलहाल रोक लगा दी है और केवल इमरजेंसी सेवाओं के लिए ही सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात कही है.

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल सिलेंडरों का नया स्टॉक आना लगभग बंद है. सप्लाई प्रभावित होने के साथ ही सर्वर डाउन की समस्या और डिस्ट्रीब्यूटर एजेंसी कॉर्ड (DAC) के माध्यम से सिलेंडरों के वितरण की प्रक्रिया भी देरी का कारण बन रही है. इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है और गैस की डिलीवरी में लगातार विलंब हो रहा है.

25 दिन बाद मिलेगा LPG सिलेंडर

एजेंसी संचालकों के अनुसार, पहले जहां उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद करीब 15 दिनों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिल जाती थी. वहीं अब यह समय बढ़कर पहले 20 दिन और अब करीब 25 दिन तक पहुंच गया है. इससे उपभोक्ताओं में भी बेचैनी बढ़ने लगी है और एजेंसियों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है.

सिलेंडरों से भरी गाड़ी को लूटने का प्रयास

इसी बीच गैस सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर स्थिति सामने आई है. 10 मार्च को मालनपुर और गोहद के बीच बालाजी गैस एजेंसी की सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी को असामाजिक तत्वों द्वारा लूटने का प्रयास किया गया. हालांकि समय रहते मामला संभल गया, लेकिन इस घटना के बाद गैस एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है. घटना की सूचना मिलते ही साईं गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर गोदामों में रखी सिलेंडरों से भरी गाड़ियों को सुरक्षित खड़ा करवा दिया है और उनकी निगरानी बढ़ा दी गई है. एजेंसी संचालकों का कहना है कि वर्तमान हालात में सिलेंडरों की सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती बन गई है.

Advertisement

एजेंसी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की

इसके अलावा कई स्थानों पर गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों द्वारा एजेंसी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. एजेंसी संचालकों का कहना है कि सिलेंडर की कमी और देरी के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है, जिसका खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है.

स्थिति को गंभीर देखते हुए गैस एजेंसी संचालकों ने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो स्थिति और बिगड़ सकती है. फिलहाल एजेंसियां सीमित संसाधनों के बीच उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन सप्लाई में लगातार आ रही बाधाओं के कारण आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: महुआ बीनने से अफसर बनने तक: कम उम्र में विवाह, ससुराल में प्रताड़ित हुई सविता प्रधान... फिर ब्यूटी पार्लर में नौकरी कर लिखी अपनी किस्मत

Topics mentioned in this article