Fake Robbery: पहले दीवार में लगाई सेंध, फिर अलमारी से गहनों को गायब किया... सोने के जेवर के लिए बहू ने रची डकैती की झूठी कहानी

Bhind Fake Robbery: महिला ने खुद ही घर में सेंध लगाकर चोरी का नाटक किया. पुलिस ने करीब 24 घंटे की जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा करते हुए जेवर बरामद कर लिए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhind News in Hindi: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के लहरौली गांव में पुलिस ने एक चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश किया है. यहां एक बहू ने अपने ही ससुराल के जेवर हड़पने के लिए फर्जी डकैती की कहानी रच डाली. पुलिस की सतर्कता और गहन जांच के चलते पूरे मामले का खुलासा हो गया और चोरी गए करीब 12 लाख रुपये के सोने के जेवर भी बरामद कर लिए गए.

गहनों के लिए बहू ने रची साजिश 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लहरौली गांव निवासी पुष्पेंद्र बघेल गोवा में निजी नौकरी करता है, जबकि उसका परिवार गांव में रहता है. बीते बुधवार को परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे. इस दौरान घर में पुष्पेंद्र की पत्नी मालती अकेली थी. इसी मौके का फायदा उठाकर उसने पूरी साजिश को अंजाम दिया.

Advertisement

आलमारी और घर में रखे सामान को बिखेर दिया

मालती ने घटना को डकैती का रूप देने के लिए रात को घर के पीछे दीवार में सेंध लगाई, अलमारी को तोड़कर घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और सोने के जेवरों का डिब्बा गायब कर दिया. बाद में उसने जेवरों को खेत में छुपाकर कुछ सामान इधर-उधर बिखेर दिया, ताकि मामला असली लगे. सुबह होते ही मालती ने शोर मचाना शुरू कर दिया. उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, महिला अपने परिवार के साथ पुलिस थाने पहुची और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही ऊमरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.

ऐसे हुआ साजिश का खुलासा

शुरुआती पूछताछ में मालती ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश हथियारों के साथ घर में घुसे, उसके साथ मारपीट की और उसे बेहोश कर जेवर लूट ले गए, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को महिला की कहानी पर शक हुआ. उसके बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आ रहे थे और शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं थे. इसके अलावा घटनास्थल की परिस्थितियां भी डकैती की कहानी से मेल नहीं खा रही थीं. पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच आगे बढ़ाई और आसपास के संदिग्ध लोगों की जानकारी भी जुटाई, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की. कड़ी पूछताछ के दौरान मालती टूट गई और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.

उसने कबूल किया कि उसने खुद ही जेवर छुपाए थे. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खेत से सभी सोने के जेवर बरामद कर लिए. पुलिस के अनुसार, मालती ने ससुराल पक्ष के जेवर हड़पने के इरादे से यह फर्जी डकैती की कहानी गढ़ी थी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस की सतर्क जांच और तकनीकी सहायता के चलते झूठी कहानियां ज्यादा देर तक नहीं टिक पातीं.

ये भी पढ़ें: CG Employees Leave Cancel: साय सरकार ने कर्मचारियों की छुट्टियों पर लगाई रोक, 3 माह तक नहीं ले सकेंगे लीव, इस वजह से लिया फैसला

Advertisement
Topics mentioned in this article