एमपी के बैतूल जिले के चुना गोसाई गांव में सोमवार रात मौसम का कहर एक परिवार पर टूट पड़ा. तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच घर के अंदर बैठकर खाना खा रहे परिवार पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. जोरदार धमाके से छत क्षतिग्रस्त हो गई और एक ही परिवार के चार सदस्य इसकी चपेट में आकर झुलस गए. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
तेज बारिश के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया. तेज बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट शुरू हो गई. इसी दौरान चुना गोसाई गांव निवासी सुखदेव यादव के मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई. बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घबरा गए.
मकान की छत हुई क्षतिग्रस्त
बिजली गिरने की वजह से मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के समय परिवार घर के अंदर खाना खा रहा था. अचानक हुए हादसे से घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के सदस्य संभलने का मौका भी नहीं पा सके. बिजली के असर से घर के कई हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा.
एक ही परिवार के चार सदस्य घायल
इस हादसे में गृहस्वामी सुखदेव यादव, उनकी पत्नी गीताबाई, बेटी संध्या और पुत्र नैतिक घायल हो गए. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. चिकित्सकों के मुताबिक चारों घायलों का इलाज जारी है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
इधर, उफनते नाले में बहा ट्रैक्टर ड्राइवर का मिला शव
बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक ट्रैक्टर चालक के लिए जानलेवा साबित हुई. 28 जून की शाम करीब 5 बजे ग्राम पीपरखेड़ा निवासी 42 वर्षीय बंसीलाल अपने ट्रैक्टर से पुल पार कर रहे थे, तभी तेज बारिश के कारण नाले में आए तेज बहाव ने ट्रैक्टर को अपनी चपेट में ले लिया और वे बह गए.
घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार 26 घंटे तक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया. खराब मौसम और तेज बहाव के बावजूद टीमों ने तलाश जारी रखी, जिसके बाद सोमवार रात बंसीलाल का शव बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.