बेटे की साइकिल बनी मां की मौत की वजह! बैतूल में पति ने बेल्ट से पीट-पीटकर पत्नी की ली जान

MP News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बेटे के लिए साइकिल खरीदने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

MP News:  मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां बेटे के लिए साइकिल खरीदने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

शाहपुर थाना क्षेत्र के ढप्पा गांव की घटना

जानकारी के अनुसार घटना बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढप्पा के खेड़ाढाना की है. बताया जा रहा है कि 4 मार्च की रात करीब 11 बजे आरोपी सुधाकर दरशिमा ने अपने बेटे कुनाल के लिए साइकिल खरीदने के लिए पत्नी कविता से पैसों की मांग की. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

बेल्ट और मुक्कों से बेरहमी से की मारपीट

विवाद बढ़ने पर आरोपी पति गुस्से में आ गया और उसने पत्नी कविता के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान कविता के सिर के पीछे, चेहरे, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं. चोटें इतनी गंभीर थीं कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलने के बाद 6 मार्च को थाना शाहपुर में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की. संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी सुधाकर दरशिमा को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

राजेश तिवारी, एसडीओपी शाहपुर ने बताया क‍ि पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सके. आरोपी को 7 मार्च को बैतूल न्यायालय में पेश किया जाएगा.

जिले में बढ़ रहे घरेलू हिंसा के मामले

बैतूल जिले में हाल के दिनों में घरेलू विवादों से जुड़ी हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों में जिले के अलग-अलग थानों में घरेलू हिंसा से जुड़े करीब 45 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें पति-पत्नी के विवाद, शराब के नशे में झगड़ा और आर्थिक तनाव प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं.

Advertisement