मंदिर में घुसकर मूर्ति से छेड़छाड़, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

बड़वानी जिले के आशापुरी मंदिर में मूर्ति से छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकतों का मामला सामने आया है. आरोपी की पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Temple Vandalism CCTV Video: बड़वानी जिले के एक मंदिर में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है. मंदिर में घुसकर एक युवक द्वारा की गई अशोभनीय हरकतें और प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

यह घटना जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित आशापुरी मंदिर की है. बताया जा रहा है कि एक युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और वहां अनुचित व्यवहार करने लगा. इसके साथ ही उसने मंदिर की प्रतिमा के साथ भी छेड़छाड़ की, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुईं.

Advertisement

सामान गायब होने पर खुला राज

घटना का खुलासा तब हुआ, जब ग्रामीणों को मंदिर से माला और अन्य पूजा सामग्री गायब होने की जानकारी मिली. संदेह होने पर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल से मंदिर पहुंचते हुए साफ दिखाई दिया. सीसीटीवी वीडियो में युवक मंदिर के अंदर जाता हुआ दिखता है. पहले वह घंटियां बजाता है, फिर कैमरे की ओर अशोभनीय इशारे करता नजर आता है. इसके बाद उसने प्रतिमा से बंधी सफेद पगड़ी उतारी और पास रखे तीन रुमाल भी उठा लिए.

सामान लेकर फरार हुआ आरोपी

फुटेज के अनुसार, युवक ने उठाया गया सामान अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखा और मौके से फरार हो गया. इस घटना से गांव में नाराजगी फैल गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान बलराम चौहान के रूप में हुई, जो सोन्दुल गांव का निवासी बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, वह अक्सर अपने ससुराल सजवानी आता-जाता रहता है. शिकायत मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया.

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 298 और 299 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है. घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोगों ने मंदिर की पवित्रता भंग करने पर कड़ी सजा की मांग की है. पुलिस ने भी भरोसा दिलाया है कि कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.