मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से बुधवार की शाम बहुत ही दर्दनाक खबरें सामने आई. दरअसल, बड़वानी जिले के वरला क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना घट गई. यहां नदी में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, देवली निवासी पवन ब्राह्मणे अपने परिवार के साथ बुधवार को ग्राम बलवा स्थित ससुराल आए थे. दोपहर करीब डेढ़ बजे परिवार के पहुंचने के बाद बच्चे पास की नदी पर नहाने चले गए. नहाते समय अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए. इस हादसे में 10 वर्षीय राधा, 8 वर्षीय राजवीर और 6 वर्षीय जयवीर की जान चली गई.
यह भी पढ़ें- एमपी में कुपोषण से एक बच्ची की मौत पर मचा कोहराम, अब जुड़वा भाई गंभीर हालत में रीवा रेफर
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. डूबने से मारे गए बच्चों के माता-पिता और परिजन बदहवास हैं. वहीं, गांव में भी गम का माहौल है. सूचना मिलने पर वरला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पूरे मामले में आगे की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- MP में तापमान पहुंचा 43 डिग्री पार: ट्रांसफार्मरों को 'कूलर' का सहारा, खजुराहो रहा सबसे गर्म