बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र के जमरिया फलिया में 100 रुपये की उधारी को लेकर एक किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय फुलसिंग पिता मोहनिया के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि फुलसिंग ने आरोपी मनीष से 100 रुपये उधार लिए थे. जब पैसे वापस करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, तो मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया.
आरोप है कि मनीष ने अपने दो साथियों वीरेंद्र सोलंकी और रणछोड़ के साथ मिलकर फुलसिंग के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामदास यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और टीम गठित कर तीनों आरोपियों मनीष, वीरेंद्र और रणछोड़ को गिरफ्तार कर लिया है.
पैसे वापस मांगने पर की मारपीट
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि पाटी निवासी सीताराम ने थाने पर सूचना दी कि उसके काका फुलसिंग ने मनीष को 100 रुपये उधार दिए थे. जरूरत पड़ने पर जब वे पैसे वापस मांगने गए, तो मनीष, वीरेंद्र और रणछोड़ ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. छाती और पेट पर लात-घूंसे मारे गए, जिसके बाद फुलसिंग की मृत्यु हो गई.