भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने थाने में घुसकर की तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों को पीटा; अंबेडकर जयंती पर हुआ बवाल 

Ambedkar Jayanti Violence: सीधी जिले के अमिलिया क्षेत्र में अंबेडकर जयंती पर निकली रैली के दौरान हिंसा भड़क गई. भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बाजार में उपद्रव किया और बाद में थाने में घुसकर तोड़फोड़ व पुलिसकर्मियों से मारपीट की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सीधी के अमिलिया में अंबेडकर जयंती पर हिंसा, पुलिस तैनात

Ambedkar Jayanti Violence Sidhi: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जहां सम्मान और शांति का माहौल होना चाहिए था, वहीं मध्य प्रदेश के सीधी जिले में हालात बिगड़ गए. अमिलिया क्षेत्र में निकाली गई रैली के दौरान अचानक उपद्रव हो गया. मामला इतना बढ़ा कि बाजार में हिंसा हुई और बाद में थाने को भी निशाना बनाया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.

जानकारी के अनुसार, अमिलिया क्षेत्र में अंबेडकर जयंती के अवसर पर रैली निकाली जा रही थी. इसी दौरान भीम आर्मी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं पर बोलोरो वाहन में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा. इसके बाद बाजार में अफरा‑तफरी मच गई और लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई.

Advertisement

युवक गंभीर घायल, महिलाएं और बुजुर्ग भी चोटिल

हिंसा के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया है. इसके अलावा एक बुजुर्ग और दो महिलाओं के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. कुछ उपद्रवियों द्वारा घर में घुसकर पथराव किए जाने की बात भी कही जा रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया. घटना के बाद अमिलिया बाजार को बंद करा दिया गया. हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. किसी और अनहोनी से बचने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया है.

थाने पर हमला, पुलिसकर्मियों से मारपीट

मामला यहीं नहीं रुका. रैली के बाद भीम आर्मी से जुड़े कुछ लोग सीधे थाने पहुंच गए. आरोप है कि थाने में घुसकर तोड़फोड़ की गई और मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए. उस समय कई जवान रैली को संभालने में बाहर थे, जिससे थाने में कम बल मौजूद था. जब रैली ड्यूटी से पुलिस बल थाने वापस पहुंचा, तब उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा गया. इसके बाद हालात पर कुछ हद तक काबू पाया जा सका.

कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर विकास मिश्रा और प्रभारी एसपी अरविंद श्रीवास्तव स्वयं अमिलिया बाजार पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. प्रशासन का कहना है कि कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी के बाद स्थिति सामान्य है. एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल अमिलिया बाजार में तैनात कर दिया गया है ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो.

जांच में जुटा प्रशासन

कुल मिलाकर, अंबेडकर जयंती पर निकली रैली हिंसा का कारण बन गई. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें : Ambedkar Jayanti 2026: बाबा साहेब की जन्मस्थली महू में देशभर से पहुंचे श्रद्धालु; CM मोहन यादव होंगे शामिल

यह भी पढ़ें : Ambedkar Jayanti 2026: ऐसा था बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का जीवन, पढ़िए उनके प्रेरणादायी विचार

यह भी पढ़ें : IAS Leena Mandavi: पहली बार यहां पहुंची 'सरकार'; दुर्गम रास्तों को पार कर कलेक्टर लीना मंडावी ने लगाई चौपाल

Advertisement

यह भी पढ़ें : DMF Vivad: मैहर में डीएमएफ राशि पर बवाल, आपत्ति के बाद रामनगर ब्लॉक हटाया गया