Ambedkar Jayanti 2026: संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर (Dr Bhimrao Ambedkar) की जयंती इस वर्ष इंदौर जिले के डॉ अंबेडकर नगर (महू) में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के माहौल में मनाई जा रही है. 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले जयंती समारोह को लेकर बाबा साहेब की जन्मस्थली स्मारक सहित पूरे महू क्षेत्र में भक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता का वातावरण नजर आ रहा है. मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस अवसर पर विशेष रूप से महू पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे.
जन्मस्थली स्मारक पर विशाल समागम
डॉ. अंबेडकर नगर महू स्थित बाबा साहेब की जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक को जयंती से पहले विशेष सजावट से सुसज्जित किया गया है. यहां 14 अप्रैल को विशाल समागम है, जिसमें हजारों श्रद्धालु बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. श्रद्धालुओं के आने का क्रम 12 अप्रैल की शाम से ही शुरू हो गया था, जो जयंती के दिन तक जारी रहेगा.
श्रद्धालुओं के लिए मेहमानों जैसी व्यवस्था
जयंती समारोह में पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन एवं जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं. आवास, भोजन और शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि किसी को असुविधा न हो. श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की गई है, जो 14 अप्रैल की शाम तक जारी रहेगी. वहीं भंते (भिक्षु) समुदाय के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में सुनिश्चित की गई है.
रहने के लिए डोम, धर्मशालाएं और स्कूल
महू में ठहरने की समस्या न हो, इसके लिए धर्मशालाओं के साथ-साथ केन्ट बोर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल और केन्ट बोर्ड कन्या स्कूल में आवास की व्यवस्था की गई है. इसके अतिरिक्त तीन विशाल डोम भी तैयार किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहर सकेंगे. साफ-सफाई और पेयजल के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ लगाए गए हैं, वहीं अस्थायी शौचालयों की संख्या भी पर्याप्त रखी गई है.
7 सेक्टर, कंट्रोल रूम और मराठी भाषी शिक्षक
पूरे आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कार्यक्रम स्थलों को 7 अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है. प्रत्येक सेक्टर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इन सेक्टरों में मराठी भाषी शिक्षकों को भी तैनात किया गया है. इसके अलावा तहसील परिसर महू, जन्मस्थली स्मारक और स्वर्ग मंदिर परिसर में तीन कंट्रोल रूम बनाए गए हैं.
स्वास्थ्य, अग्निशमन और सफाई पर विशेष फोकस
जयंती समारोह के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए महू में 6 स्थानों पर आकस्मिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की टीम लगाई है. वहीं इंदौर नगर निगम और स्थानीय निकायों के जरिए साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है. अग्निशमन विभाग भी कार्यक्रम के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेगा.
यह भी पढ़ें : अंबेडकर जयंती 2026: MP में 14 अप्रैल तक प्रदेशभर में कार्यक्रम, भिंड में राज्य स्तरीय आयोजन
यह भी पढ़ें : अंबेडकर जयंती पर कैदियों को राहत; 14 अप्रैल को 87 बंदियों की रिहाई, 7 की सजा में छूट, गृह विभाग का बड़ा फैसला
यह भी पढ़ें : Ambedkar Jayanti 2025: ऐसा था बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का जीवन, पढ़िए उनके प्रेरणादायी विचार
यह भी पढ़ें : Dr Bhimrao Ambedkar: अंबेडकर जयंती से पहले MP सरकार का ऐलान, 25वीं वाइल्डलाइफ सेंचुरी बाबा साहेब के नाम पर