Ambedkar Jayanti 2026: मध्यप्रदेश में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि बाबा साहब के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन‑जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विकासखंडों में आयोजन होंगे. इस श्रृंखला का राज्य स्तरीय कार्यक्रम भिंड जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को अपने‑अपने प्रभार वाले जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
जिला और विकासखंड स्तर पर आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि डॉ. अंबेडकर जयंती पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों के साथ‑साथ प्रत्येक विकासखंड में भी संगोष्ठी, सम्मान समारोह और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आयोजन के माध्यम से संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के विचारों, समानता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को प्रमुखता से रखा जाएगा.
सामाजिक समरसता अभियान
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि संत रविदास जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 31 मार्च 2027 तक पूरे प्रदेश में सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे. इन कार्यक्रमों की रूपरेखा जिला स्तर पर तैयार की जाएगी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रभारी मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि बीते सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश को कई फोरलेन सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है. इनमें इटारसी‑बैतूल सेक्शन में टाइगर कॉरिडोर, निवाड़ी‑झांसी फोरलेन बायपास और एनएच‑44 व एनएच‑39 को जोड़ने वाली लिंक रोड शामिल हैं. इन परियोजनाओं से आर्थिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
‘महाकाल द मास्टर ऑफ टाइम' सम्मेलन
उज्जैन में हुए अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “महाकाल द मास्टर ऑफ टाइम” में भारतीय काल गणना की वैज्ञानिकता और ऐतिहासिक श्रेष्ठता पर मंथन हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उज्जैन की वैश्विक पहचान को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है.
यह भी पढ़ें : अंबेडकर जयंती पर कैदियों को राहत; 14 अप्रैल को 87 बंदियों की रिहाई, 7 की सजा में छूट, गृह विभाग का बड़ा फैसला
यह भी पढ़ें : MP Cabinet Decisions: आंबेडकर जयंती से किसान कल्याण तक जानिए मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले
यह भी पढ़ें : सिंहस्थ 2028 की डेडलाइन फाइनल; CM मोहन यादव का ऐलान- 2027 दीपावली तक पूरे होंगे सभी काम, जानिए पूरा प्लान
यह भी पढ़ें : MP Weather: ग्वालियर से रीवा तक बारिश से बदलेगा MP का मौसम, कई जिलों में अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी