इंदौर में सोना तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है. अबूधाबी से इंदौर तक संचालित इस रैकेट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एयरलाइन कर्मचारी, ड्राइवर और सराफा कारोबारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था.
यात्री के पास मिला 1kg सोना
मामले की शुरुआत अबूधाबी से इंदौर पहुंचे एक यात्री के पास से एक किलो से अधिक सोना बरामद होने के बाद हुई. पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर DRI ने पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए एक-एक कर चार आरोपियों को अपनी गिरफ्त में लिया.
एयरपोर्ट कर्मचारी बाहर निकालता था सोना
प्रारंभिक जांच के अनुसार, एयरलाइन का एक कर्मचारी एयरपोर्ट के भीतर से तस्करी का सोना बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाता था. इसके बाद सोना एक ड्राइवर को सौंपा जाता था, जो उसे शहर में सक्रिय एक सराफा कारोबारी तक पहुंचाता था. एजेंसी को संदेह है कि इसी तरीके से लंबे समय से सोने की तस्करी की जा रही थी.
कई बार इंदौर लाया गया सोना
DRI अब इस नेटवर्क के पुराने यात्रा रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है. जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह के तार देश के अन्य शहरों या विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े हैं या नहीं. सूत्रों के अनुसार, जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि इसी नेटवर्क के जरिए पहले भी कई बार बड़ी मात्रा में तस्करी का सोना इंदौर लाया गया. यदि जांच में इसकी पुष्टि होती है, तो यह प्रदेश के सबसे बड़े सोना तस्करी नेटवर्क में से एक साबित हो सकता है.
जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे
DRI पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है. एजेंसी को उम्मीद है कि डिजिटल साक्ष्यों, बैंकिंग रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा की जांच से कई और अहम खुलासे होंगे. आने वाले दिनों में इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है. पूरे मामले पर जांच जारी है और DRI जल्द ही आगे की कार्रवाई का खुलासा कर सकती है.