Election Results 2023 Updates: लंबे समय से राजनीतिक पार्टियों की ओर से किए जा रहे अपनी-अपनी जीत के दावों के बाद आज ईवीएम खुलने के साथ ही चारों राज्यों की सरकार का फैसला हो गया. भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा राज्यपाल को सौंपने के बाद कहा कि वह भाजपा को बधाई देते हैं क्योंकि उसे जनादेश मिला है. बघेल ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. उन्होंने जनादेश का सम्मान करने और नतीजों की समीक्षा करने की बात कही. मिली जानकारी के मुताबिक, भूपेश बघेल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा. इस दौरान बघेल ने राज्यपाल से मुलाकात भी की.
बताते चलें, आज सुबह 8 बजे से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना के सभी विधानसभा सीटों के लिए मतगणना शुरू हुई थी. शाम होते-होते सभी राज्यों की तस्वीरें साफ हो गई हैं. मध्य प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी का जादू देखने को मिला है, या यूं कहें कि लाडली बहनाओं का जादू देखने को मिला है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की महत्वकांक्षी योजना 'लाडली बहना योजना' ने प्रदेश की महिलाओं को लुभाने में बीजेपी की भरपूर मदद की. प्रदेश में बीजेपी एक बार फिर प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है.
वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. सारे एग्जिट पोल्स में कांग्रेस की सरकार दिख रही थी, लेकिन आज ईवीएम खुलते ही सारे अनुमान गलत साबित हुए. हालांकि, तेलंगाना में कांग्रेस ने जबरदस्त वापसी करते हुए प्रचंड बहुमत हासिल किया. तेलंगाना के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब प्रदेश में गैर बीआरएस सरकार बनेगी.
वहीं राजस्थान ने एक बार फिर से अपने रिवाज को कायम रखते हुए बीजेपी की वापसी कराई है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की योजनाओं को बलबूते कांग्रेस ने प्रदेश का रिवाज बदलने में एड़ी चोंटी का जोर लगा दिया था, लेकिन, प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से वही किया जिसके लिए प्रदेशवासी जाने जाते हैं.
आपको बता दें कि रुझानों के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बीजेपी को बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है. वहीं तेलंगाना में बहुमत कांग्रेस के पास है.