विश्वकर्मा जयंती पर SECL में द्वितीय विश्वकर्मा अवार्ड्स का आयोजन; 75 श्रमवीर सम्मानित

एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में विश्वकर्मा जयंती और पीएम मोदी के जन्मदिन पर 'द्वितीय SECL विश्वकर्मा अवार्ड्स' आयोजित हुआ. समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 नियमित व संविदा श्रमवीरों तथा सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी का संदेश पढ़ा गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

बिलासपुर: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय बिलासपुर में भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 'द्वितीय SECL विश्वकर्मा अवार्ड्स' समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस समारोह में खदानों और परिचालन गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 75 नियमित एवं संविदा श्रमवीरों को सम्मानित किया गया.

यह SECL विश्वकर्मा अवार्ड्स का दूसरा संस्करण है, जिसके तहत खदानों में ऑपरेशन, मेंटेनेंस, सुपरवाइजरी और अन्य तकनीकी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जमीनी स्तर के कर्मियों के श्रम, कार्यकुशलता और समर्पण को सराहा गया.

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं. खनन उद्योग में कार्यरत श्रमवीर अपने कौशल और परिश्रम से राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. ऐसे अवसर पर श्रमवीरों को सम्मानित करना उनके योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है.

Advertisement
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी द्वारा कोयला श्रमिकों के लिए भेजा गया विशेष संदेश भी पढ़ा गया. उन्होंने अपने संदेश में देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में कोयला श्रमिकों के परिश्रम और समर्पण की सराहना की.

सफाई कर्मियों को सम्मानित किया 

समारोह में 'स्वच्छता ही सेवा' एवं 'स्पेशल कैम्पेन 6.0' के तहत स्वच्छता और कार्यस्थल को स्वच्छ व सुव्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया. स्पेशल कैम्पेन 6.0 के अंतर्गत SECL मुख्यालय और संचालन क्षेत्रों में स्वच्छता, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे, स्थान के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा ई-वेस्ट के प्रभावी प्रबंधन जैसी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना नृपेंद्र नाथ सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. यह समारोह कर्म, कौशल, स्वच्छता और देश की ऊर्जा सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.


Topics mentioned in this article