Woman Cob Body Found: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. एक महिला पुलिसकर्मी का शनिवार रात को फांसी के फंदे पर लटकता हुआ शव मिला है. हालांकि, अभी पुलिस को हत्या और आत्महत्या पर संदेह है. इसके लिए जांच कर रही है. महिला पुलिसकर्मी की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है, जो पुलिस कॉलोनी में रह रही थी.
दरअसल, आज़ाद चौक थाना क्षेत्र में शनिवार रात लगभग साढ़े 8 बजे महिला आरक्षक (कॉन्स्टेबल) पूजा का शव थाने के पीछे पुलिस क्वार्टर में लटका मिला है. जानकारी के अनुसार, थाने में सूचना मिली कि एक महिला की फांसी के फंदे पर लाश लटकी हुई है. आजाद चौक पुलिस टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को नीचे उतार कर पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
महिला कॉन्स्टेबल आजाद चौक थाने में ही तैनात थी. पुलिस इस मामले में सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद अहम खुलासा हो सकता है.