दो सालियों की हत्या के बाद मेडिकल स्टोर में भी फायरिंग, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज आया सामने

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा क्षेत्र में 5 मई की रात एक जीजा ने अपनी दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी. आरोपी जितेंद्र वर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 6 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें पहली साली की मौके पर और दूसरी की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना का डराने वाला CCTV फुटेज सामने आया है

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड में एक और बड़ी अपडेट सामने आई है. आरोपी जीजा द्वारा की गई फायरिंग में घायल दूसरी साली दुर्गेश्वरी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया है. इससे पहले उसकी बहन गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की बर्बरता साफ नजर आ रही है.

मेडिकल स्टोर में भी मचाया उत्पात

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जितेन्द्र वर्मा यहीं नहीं रुका. वह एक मेडिकल स्टोर में घुसा और वहां के संचालक पर पिस्टल तान दी. फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने वहां भी फायरिंग की, जिससे कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागते नजर आए. मेडिकल स्टोर संचालक बाल-बाल बच गया, वरना मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता था. 

Advertisement

घटना का मुख्य विवरण

  • तारीख और समय: 5 मई की देर रात
  • स्थान: मोवा थाना क्षेत्र, रायपुर
  • आरोपी: जितेंद्र वर्मा (गिरफ्तार).
  • हथियार: आरोपी की लाइसेंसी पिस्टल
  • फायरिंग: कुल 6 राउंड गोलियां चलाई गईं

FSL की टीम ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट

मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. एफएसएल की संयुक्त निदेशक टी.एल. चंद्रा की मौजूदगी में क्राइम सीन को रीक्रिएट किया गया ताकि तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस खूनी संघर्ष के पीछे के असली पारिवारिक विवाद का पता लगाया जा सके.