Raipur Holi Murders 2026: होली जैसे खुशियों के त्योहार के बीच रायपुर में बुधवार को माहौल अचानक खूनखराबे में बदल गया. दिन भर नशे की हालत में हुए झगड़ों ने तीन अलग‑अलग जगहों पर तीन लोगों की जान ले ली. दोपहर से शुरू हुई चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं शाम तक चलती रहीं, जिससे शहर में दहशत और तनाव का माहौल बन गया.
पहली घटना: साहू पारा में युवक की चाकू से हत्या
सबसे पहली वारदात आंरग के साहू पारा में हुई, जहां होली के हुड़दंग के दौरान कुछ युवकों ने नीरज लोधी को रोककर उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की. नीरज ने इसका विरोध किया तो एक युवती समेत अन्य लोगों ने पेट, पीठ और सिर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल नीरज की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
दूसरी घटना: 18 वर्षीय युवक की हत्या
दूसरा मामला खरोरा थाना के माठ गांव में सामने आया. यहां दो नाबालिगों ने 18 वर्ष के मोहित निषाद को चाकू मारकर हत्या कर दी. विवाद की शुरुआत केवल रंग लगाने से हुई थी, जो देखते ही देखते जानलेवा झगड़े में बदल गई. इस मामले में दोनों नाबालिगों के साथ उनकी मां को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है.
तीसरी घटना: चरित्र संदेह में लाठी से हमला कर हत्या
तीसरी वारदात विधानसभा थाना क्षेत्र के बरबंदा गांव में हुई. यहां दो सगे भाई कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश वर्मा ने मिलकर दिनेश वर्मा को लाठी से पीट‑पीटकर मार डाला. परिजनों का कहना है कि दिनेश बड़े भाई की गैरमौजूदगी में अपनी भाभी को अस्पताल ले गया था, जिसके बाद आरोपियों ने चारित्रिक शंका के चलते उसके सिर पर घातक हमला कर दिया.