छत्तीसगढ़ को मिलेगी विश्वस्तरीय रेल सुविधाएं! सांसद अग्रवाल ने DRM बैठक में स्लीपर वंदे भारत सहित रखी कई मांग 

रायपुर डीआरएम कार्यालय में हुई बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के लिए विश्वस्तरीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई. उन्होंने रायपुर–दिल्ली वंदे भारत स्लीपर सहित कई नई ट्रेनों, रूट विस्तार, ठहराव और समय सुधार से जुड़े प्रस्ताव रखे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Chhattisgarh Railway Development: रायपुर डीआरएम (DRM) कार्यालय में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के उच्च अधिकारियों की मंगलवार को बैठक हुई. इसमें रायपुर सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले राज्यों में से एक है, अतः यहां के नागरिकों को आधुनिक और समयबद्ध रेल सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है.

वंदे भारत एक्सप्रेस और नई ट्रेनों का प्रस्ताव

सांसद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नई वंदे भारत ट्रेनों समेत कई प्रमुख रेल सेवाओं की मांग रखी. जिसमें  रायपुर–नई दिल्ली वंदे भारत (स्लीपर) चलाने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इसके लिए वे स्वयं रेल मंत्री से चर्चा करेंगे. इसके साथ ही बिलासपुर–रायपुर–पुरी वंदे भारत चलाने की मांग की. कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से इस मार्ग पर वंदे भारत की आवश्यकता है.

रायपुर–जबलपुर वंदे भारत चलाने की भी मांग की, ताकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी सुधारी जा सके.  इसके अलावा दुर्ग-अंबिकापुर नई ट्रेन, बिलासपुर-गोवा सीधी ट्रेन, और बिलासपुर-नाथद्वारा के बीच सीधी ट्रेन चलाने के भी निर्देश दिए.

ट्रेनों का विस्तार और ठहराव

जनता की मांग को देखते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने ट्रेनों के विस्तार और समय परिवर्तन पर जोर दिया. जिसमें विशाखापट्टनम-दुर्ग वंदे भारत के समय में परिवर्तन की मांग, समता एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार और जम्मूतवी एक्सप्रेस को अमृतसर होकर चलाने का सुझाव दिया. भगत की कोठी और दल्लीराजहरा-दुर्ग ट्रेन को प्रतिदिन संचालित करने के निर्देश, मुंबई-नागपुर और नागपुर-पुणे ट्रेनों का बिलासपुर तक विस्तार करने की मांग और भाटापारा में सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने को कहा.

Advertisement

अमृत भारत स्टेशन और अधोसंरचना विकास

रायपुर और दुर्ग स्टेशनों के 'अमृत भारत स्टेशन' योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने लेटलतीफी और ड्राइंग-डिजाइन अप्रूवल में देरी को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.

इसके साथ ही कहा कि सरोना, मंदिर हसौद और WRS स्टेशनों को भविष्य के जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा. रायपुर मंडी गेट, कचना और जोरा में प्रस्तावित अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई को बढ़ाने के निर्देश दिए. सरोना, भिलाई, हथबंद, निपनिया स्टेशन में चल रहे निर्माण कार्यों को अप्रैल से जून तक हर हाल में पूरा करने की समय सीमा तय की गई.

Advertisement