शराब पार्टी के दौरान चखने को लेकर हुआ विवाद, दोस्तों ने ले ली नाबालिग की जान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पार्टी के दौरान चखने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 16 साल के किशोर की मौत हो गई. दोस्तों ने ही मारपीट कर उसकी जान ले ली और शव छिपाने की कोशिश की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दोस्तों के साथ बैठकर शराब पीने के दौरान हुआ एक छोटा सा विवाद एक मासूम की जान ले बैठा. चखने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोस्तों ने ही 16 साल के किशोर को मौत के घाट उतार दिया. इस घटना ने न सिर्फ इलाके को हिला दिया, बल्कि दोस्ती और नशे के खतरनाक मेल पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद

खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में यह पूरा घटनाक्रम हुआ. पुलिस के मुताबिक, किशोर अपने कुछ परिचित युवकों के साथ डोगरमूड़ा खार इलाके में गया था, जहां सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान चखना और आम तोड़ने की बात को लेकर आपसी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई.

Advertisement

मारपीट में गई किशोर की जान

विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने किशोर के साथ जमकर मारपीट की. इसी दौरान वह खेत की मेड़ से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. चोट इतनी ज्यादा थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी घबरा गए और मामले को दबाने की कोशिश में जुट गए.

शव छिपाकर हादसा दिखाने की कोशिश

किशोर की मौत के बाद आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे ले जाकर रख दिया, ताकि यह मामला किसी हादसे जैसा लगे. अगले दिन जब शव मिला, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में डर का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा हुआ. शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब सख्ती बरती गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पुलिस ने इस मामले में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.