Sarangarh Bilaigarh Hindi News: सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया. डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के झाल गांव में सोमवार तड़के लगभग 4:30 बजे एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला किया गया. वारदात उस समय हुई, जब परिवार के सभी सदस्य घर में गहरी नींद में थे.
जानकारी के अनुसार, अज्ञात तरीके से घर में घुसे हमलावर ने सोते हुए परिजनों पर ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों की पहचान राजेश सारथी (36), मंदो बाई सारथी (62) और मासूम प्रशांत सारथी (9) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दो पीड़ितों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली.
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
घायलों में कुमर साय सारथी (65) और शकुंतला सारथी (30) शामिल हैं. दोनों को गंभीर चोटों के कारण रायगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिनमें एक गर्भवती महिला होने की बात सामने आई है, जिससे गांव में भय और शोक का माहौल और गहरा गया है.
आपसी विवाद या पुरानी रंजिश
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरीपाली थाना की पुलिस और फॉरेन्सिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है. जांच के शुरुआती चरण में इस वारदात के पीछे आपसी विवाद या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है.
एक रिश्तेदार पर संदेह
पुलिस का संदेह परिवार के ही एक रिश्तेदार तुलसीदास सारथी पर व्यक्त किया जा रहा है, जिसे पारिवारिक रिश्ते में भतीजा बताया जा रहा है. उसे हिरासत में लिया गया है. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
इस जघन्य घटना के बाद ग्राम पंचायत झाल सहित पूरे बरमकेला क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी.