छत्तीसगढ़ से BJP की राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा कौन? 1990 में पार्टी की सदस्य बनी, पार्षद रहीं; अब संसद की बारी

Rajya Sabha Candidate Laxmi Verma Files Nomination: छत्तीसगढ़ भाजपा की राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा बालौद बाजार जिले के मुड़पार गांव की रहने वाली हैं. वे 1990 से भाजपा में सक्रिय हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी हैं. अब उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया. सियासी गणित के अनुसार, उनका संसद जाना लगभग तय माना जा रहा है. जानिए, कैसा है उनका सियासी सफर

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Who is Laxmi Verma Chhattisgarh BJP Rajya Sabha Candidate

Who is Laxmi Verma chhattisgarh Rajya Sabha Election 2026: राज्‍यसभा चुनाव 2026 (Rajya Sabha Election 2026) के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने छत्तीसगढ़ से वरिष्ठ नेता लक्ष्‍मी वर्मा (Laxmi Verma) को उम्मीदवार बनाया है. गुरुवार 5 मार्च को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया. नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

छत्तीसगढ़ भाजपा की राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा मूल रूप से बालौद बाजार जिले के मुड़पार गांव की रहने वाली हैं.  वे लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रही हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी हैं. संगठन से लेकर स्थानीय निकाय और सामाजिक संगठनों तक उनकी सक्रिय भूमिका रही है. 

1990 में भाजपा की सदस्य बनीं 

लक्ष्मी वर्मा के सियासी करियर की बात करें तो साल 1990 में उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली और उसके बाद लगातार संगठन में काम करते हुए पार्टी में अपनी जगह बनाई. पार्टी में उनकी सक्रियता को देखते हुए साल 2000 में उन्हें रायपुर के तत्कालीन सांसद रमेश बैस (Ramesh Bais) का सांसद प्रतिनिधि बनाया गया. इसके बाद 2001 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा (BJP Mahila Morcha) की कार्य समिति का सदस्य चुना गया, जहां उन्होंने चार साल तक जिम्मेदारी निभाई.

MP-Chhattisgarh Live Updates: CG भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन 

1994 में पार्षद रहीं, वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य

लक्ष्मी वर्मा ने राजनीति के साथ-साथ सामाजिक संगठनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. साल 1994 में वे रायपुर नगर पालिका निगम (Raipur Municipal Corporation) के वार्ड नंबर 7 से पार्षद निर्वाचित हुईं. इसके बाद 2010 में रायपुर जिला पंचायर (Raipur Zila Panchayat) की अध्यक्ष चुनी गईं.  साल 2019 में उन्हें एफएसएनएल स्टील मिनिस्ट्री गवर्नमेंट ऑफ इंडिया (FSNL Steel Ministry Government of India) में स्वतंत्र निदेशक के तौर पर काम किया. 7 अक्टूबर 2024 से वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य (Chhattisgarh State Women Commission) के रूप में कार्य कर रही हैं.

मनवा कुर्मी समाज में अच्छी पकड़ 

लक्ष्मी वर्मा मनवा कुर्मी समाज से आती हैं. इस समाज में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. वे साल 2000 से 2006 तक छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की महिला महामंत्री रह चुकी हैं. इसके बाद 2008 तक उन्होंने प्रदेश संगठन मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली और फिर  2010 तक अध्यक्ष रहीं. वर्तमान में वे अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा महिला राष्ट्रीय महासचिव हैं.  

दंतेवाड़ा के जंगल में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर की फायरिंग, 5 लाख का इनामी ढेर, बाकी बचकर भागे 

Advertisement

 लक्ष्मी वर्मा का राज्यसभा जाना लगभग पक्का 

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होना है. छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का 1 विधायक है. राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए कुल 90 विधायक मतदान करेंगे. संख्या बल के हिसाब से एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है. ऐसे में अगर कोई बड़ा उलटफेर नहीं होता है तो लक्ष्मी वर्मा की राज्यसभा में सीट पक्की मानी जा रही है.

एक नजर में लक्ष्मी वर्मा का राजनीतिक सफर

  • 1990 – BJP की प्राथमिक सदस्य बनीं
  • 2000 – रायपुर सांसद Ramesh Bais की सांसद प्रतिनिधि नियुक्त
  • 2001 – BJP महिला मोर्चा कार्य समिति सदस्य
  • 2010–2014 – BJP पंचायती राज प्रकोष्ठ राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य
  • 2021–2025 – BJP प्रदेश उपाध्यक्ष
  • 2021–2024 – गरियाबंद संगठन प्रभारी और पार्टी मीडिया प्रवक्ता

चुनावी और प्रशासनिक जिम्मेदारियां

  • 1994 – रायपुर नगर निगम वार्ड 7 से पार्षद निर्वाचित
  • 2010 – रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं
  • 2019 – एफएसएनएल स्टील मिनिस्ट्री गवर्नमेंट ऑफ इंडिया की स्वतंत्र निदेशक
  • 2024 – छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य

सामाजिक संगठनों में भी सक्रिय

  • 1998 – शक्ति महिला मंच रायपुर की अध्यक्ष
  • 1999 – नेहरू युवा केंद्र रायपुर से जिला युवा पुरस्कार
  • 2004 – श्रम पुनर्वास समिति रायपुर की सदस्य
  • 2011 – कुटुंब न्यायालय रायपुर में परामर्शदाता सदस्य
  • 2026- वर्तमान में वे अखिल भारतीय पंचायत परिषद की राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड की उपाध्यक्ष हैं