IAS रजत बंसल को बड़ी जिम्मेदारी: दो बार क्रैक की UPSC, क्यों छोड़ी IPS की नौकरी?

IAS Rajat Bansal Chhattisgarh News: साल 2012 बैच के IAS अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है. उन्हें जनसंपर्क आयुक्त समेत कई अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

IAS Rajat Bansal: छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए साल 2012 बैच के IAS अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, रजत बंसल अब जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. यह नियुक्ति ऐसे समय पर की गई है जब मौजूदा जनसंपर्क आयुक्त IAS रवि मित्तल की नियुक्ति प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में हो चुकी है.

कई अहम विभागों का मिला जिम्मा

छत्तीसगढ़ सरकार के इस आदेश के बाद रजत बंसल को एक साथ कई महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार दिया गया है. इनमें जनसंपर्क विभाग (Directorate of Public Relations), मुख्य कार्यपालन अधिकारी संवाद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म (Geology and Mining) और प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम (CMDC) शामिल हैं. इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री सचिवालय का भी अहम हिस्सा रहेंगे और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

Advertisement

Who is IAS Rajat Bansal: कौन हैं आईएएस रजत बंसल?

रजत बंसल छत्तीसगढ़ कैडर के 2012 बैच के IAS अधिकारी हैं और मूलरूप से हरियाणा के रहने वाले हैं. उनका जन्म 25 जुलाई 1988 को हुआ था. उनके पिता वन सेवा के अधिकारी रहे हैं. शुरुआती शिक्षा ला मार्टिनियर स्कूल लखनऊ और DPS आरके पुरम नई दिल्ली से हुई, जहां उन्होंने पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और 10वीं में स्कूल टॉप किया. इसके बाद उन्होंने BITS पिलानी से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की. पढ़ाई के दौरान उन्हें फ्रांस में ट्रेनिंग का मौका मिला, जहां उन्हें स्कॉलरशिप भी प्राप्त हुई.

UPSC में सफलता की कहानी

इंजीनियरिंग के बाद रजत बंसल ने इंफोसिस, पुणे में जूनियर रिसर्च एसोसिएट के रूप में काम किया. नौकरी के साथ-साथ उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी. पहले प्रयास में उन्होंने 168वीं रैंक हासिल कर आईपीएस के लिए चयन पाया और पश्चिम बंगाल कैडर मिला. हालांकि, उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और दूसरे प्रयास में 85वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया.

प्रशासनिक करियर का सफर

आईएएस सेवा में शामिल होने के बाद 3 सितंबर 2012 को उन्होंने अपनी सेवा शुरू की. उनकी पहली पोस्टिंग रायगढ़ जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई. इसके बाद वे राजनांदगांव में एसडीएम और जिला पंचायत सीईओ रहे. सूरजपुर में भी उन्होंने जिला पंचायत सीईओ के रूप में कार्य किया. आगे चलकर वे रायपुर नगर निगम के कमिश्नर बने और वर्तमान में वाणिज्य कर आयुक्त तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक के रूप में कार्यरत रहे हैं.