IAS Leena Mandavi: पहली बार यहां पहुंची 'सरकार'; दुर्गम रास्तों को पार कर कलेक्टर लीना मंडावी ने लगाई चौपाल

IAS Leena Mandavi Jan Chaupal: गौरेला‑पेंड्रा‑मरवाही के साचरखूंटा गांव में कलेक्टर लीना मंडावी ने जनचौपाल लगाई. 4 किमी बाइक से पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
सुदूर वनांचल साचरखूंटा गांव में जनचौपाल लगाती कलेक्टर लीना मंडावी

IAS Leena Mandavi: गौरेला‑पेंड्रा‑मरवाही जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में पहली बार जिला प्रशासन का शीर्ष अधिकारी ग्रामीणों के बीच सीधे पहुंचा. ‘ग्राम जोहार अभियान' के तहत कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी दुर्गम और कच्चे रास्तों को पार करते हुए करीब चार किलोमीटर तक बाइक से ऑफ‑रोडिंग कर साचरखूंटा गांव पहुंचीं. यह वही गांव है, जहां आज तक न तो अनुविभागीय अधिकारी और न ही कोई कलेक्टर कभी पहुंचा था. आम के पेड़ की छांव में आयोजित इस जनचौपाल में विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए. महिला कलेक्टर की मौजूदगी ने ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास दोनों पैदा किया. कलेक्टर ने न सिर्फ समस्याएं सुनीं, बल्कि उन्हें मौके पर समाधान और विकास का भरोसा भी दिया.

Advertisement

आम के पेड़ के नीचे लगी जनचौपाल

ग्राम पंचायत पूटा के आश्रित ग्राम साचरखूंटा में आयोजित जनचौपाल पूरी तरह ग्रामीण परिवेश में रही. खुले आसमान और आम के पेड़ की छांव में कलेक्टर ने सीधे ग्रामीणों से संवाद किया. पंडो जनजाति के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने अपनी बात बिना संकोच रखी. गांव में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और वन अधिकार से जुड़ी परेशानियां प्रमुख रूप से सामने आईं.

IAS Leena Mandavi: कलेक्टर की जनचौपाल

सड़क और प्राथमिक स्कूल को लेकर मिला आश्वासन

ग्रामीणों की सबसे बड़ी मांग गांव तक पहुंच मार्ग और प्राथमिक विद्यालय की रही. कलेक्टर लीना मंडावी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव में सड़क निर्माण और प्राथमिक शाला स्वीकृति के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू की जाएगी. स्कूल स्वीकृत होने तक बच्चों को छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनकी शिक्षा बाधित न हो.

शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर जोर

कलेक्टर ने ग्रामीणों से बच्चों की नियमित उपस्थिति स्कूल और आंगनबाड़ी में सुनिश्चित करने की अपील की. साथ ही बाल विवाह की रोकथाम और निर्धारित आयु से पहले विवाह न करने के लिए जागरूक किया. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच की जाए और आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेजों की प्रतिलिपि उपलब्ध कराई जाए.

Advertisement

IAS Leena Mandavi: ग्राम जोहार अभियान में कलेक्टर की चौपाल

वन अधिकार और आजीविका से जुड़े आवेदन

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पहुंच मार्ग, वन अधिकार पत्र, व्यक्तिगत और सामुदायिक भूमि अधिकार से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों पर शीघ्र और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत डबरी और कुआं निर्माण के लिए अधिक से अधिक आवेदन करने को भी कहा, ताकि जल संरक्षण और आजीविका को बढ़ावा मिल सके.

विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

जनचौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही योजनाओं की जानकारी दी. ग्रामीणों को छात्रावास सुविधा, कृषि और उद्यानिकी योजनाएं, फसल बीमा, पशुपालन, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रमिक पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और आंगनबाड़ी सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया.

Advertisement

IAS Leena Mandavi: बाइक में सवार कलेक्टर

पहली बार पहुंचा शीर्ष प्रशासनिक अमला

साचरखूंटा गांव के लिए यह दिन ऐतिहासिक रहा. अब तक इस गांव में अनुविभागीय अधिकारी स्तर तक का भी कोई अधिकारी नहीं पहुंचा था. जिला गठन के बाद पहली बार किसी कलेक्टर का यहां आना ग्रामीणों के लिए भरोसे और सम्मान का प्रतीक बना. खास तौर पर एक महिला कलेक्टर का दुर्गम वनांचल में पहुंचना ग्रामीणों के लिए प्रेरणादायी रहा.

पंडो जनजाति को विशेष लाभ की मांग

ग्रामीणों ने पंडो जनजाति को विशेष पिछड़ी जनजाति का पूर्ण लाभ दिलाने की मांग भी उठाई. उनका कहना है कि कागजों में दर्जा होने के बावजूद उन्हें योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. कलेक्टर ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया.

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; कुलदीप शर्मा बने बलौदा बाजार कलेक्टर, दीपक सोनी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर

यह भी पढ़ें : खंडवा : शराब व कपड़ों के लिए मना किया तो बेटे ने लट्ठ से पीटकर की मां की हत्या; आरोपी अरेस्ट, पुलिस जांच जारी

यह भी पढ़ें : भोला सिकरवार हत्याकांड का फरार इनामी आरोपी पकड़ा गया; ग्वालियर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ससुराल से ऐसे दबोचा

यह भी पढ़ें : ग्वालियर में TI ने शादी का झांसा देकर विधवा से रेप किया; गर्भवती होने के बाद FIR, फरार आरोपी अब PHQ अटैच