नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाला स्कूल प्रिंसिपल गिरफ्तार, मामले को दबाने वाली महिला शिक्षक सस्पेंड

CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा है. प्राचार्य देवलाल साहू के खिलाफ तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Chhattisgarh Hindi News: बलौदा बाजार जिले से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. सिमगा थाना क्षेत्र के कामता स्कूल में नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, छात्राओं की शिकायत छिपाने वाली महिला सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया.

पूर्व माध्यमिक शाला कामता के प्राचार्य बनसांकरा के रहने वाले देवलाल साहू (52) पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए थे. पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी ने जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर छात्राओं से छेड़छाड़ की. शिकायत पर थाना सिमगा में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Advertisement

महिला शिक्षक से की शिकायत तो मामले को छिपाया

इस बीच जांच में यह भी सामने आया कि छात्राओं ने महिला सहायक शिक्षक हेमा देवांगन (एलबी) से भी शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने मामले को दबाकर उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंचाया. शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है. जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने पुष्टि की है कि आरोपी प्राचार्य को जेल भेजा गया है और महिला सहायक शिक्षक के खिलाफ आगे की कार्रवाई उनके बयान दर्ज होने के बाद की जाएगी.

ये भी पढ़ें- एमपी में जिस दलित परिवार का समाज ने किया था बहिष्कार, उसके घर जाकर मंत्री ने किया भोजन