विज्ञापन
This Article is From Mar 14, 2026

मौत के पहले का VIDEO: फर्जी पुलिसकर्मी ने फोन पर दी धमकी, घबराए युवक ने लगा ली फांसी  

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में 25 वर्षीय सनत कुमार कश्यप द्वारा फांसी लगाने से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की. वीडियो में आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर फोन पर गाली-गलौज व धमकी दी, जिससे मानसिक दबाव बढ़ा.

मौत के पहले का VIDEO: फर्जी पुलिसकर्मी ने फोन पर दी धमकी, घबराए युवक ने लगा ली फांसी  

Viral Suicide Video: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है. 25 वर्षीय सनत कुमार कश्यप ने फांसी लगाकर जान दे दी. आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उसने बताया कि उसे फोन पर खुद को पुलिस वाला बताने वाले व्यक्ति ने गाली-गलौज कर धमकाया और थाने बुलाया, जिसकी वजह से वह मानसिक रूप से टूट गया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

वीडियो में कहा- मैं निर्दोष हूं

सनत कुमार कश्यप पिता धनीराम कश्यप, निवासी चोरभट्टी थाना मुलमला ने फांसी लगाने से पहले वीडियो रिकॉर्ड किया. उसमें उसने कहा कि बलोदा थाना के पंतोरा चौकी के नाम पर उसे फोन कर गाली-गलौज की गई और प्रताड़ित किया गया. इसी दबाव में उसने उरगा थाना क्षेत्र में आत्महत्या कर ली.

वीडियो वायरल होते ही जांच तेज

मामला वायरल होते ही जांजगीर-चांपा पुलिस ने जांच शुरू की. जांच में पता चला कि गेवरा बस्ती के निवासी सचिन खरे की बहन स्नेहा खरे 12 मार्च को कॉलेज जाने निकली थी और रात तक घर नहीं लौटी. पता लगाने पर परिवार को जानकारी मिली कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है, जो सचिन का मामा का लड़का है.

फोन पर पुलिस बनकर धमकाया 

जांच में सामने आया कि सचिन खरे ने अपनी बहन के मसले को लेकर धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप पर दबाव बनाने की कोशिश की. इसके लिए उसने धीरेन्द्र के बड़े भाई शैलेन्द्र पाटले के फोन से सनत को कॉल किया और खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर गाली-गलौज की और थाने आने को कहा. यह धमकी भरा कॉल ही सनत पर मानसिक दबाव का बड़ा कारण बना.

दोस्ती बनी मौत का कारण

दरअसल, सनत कश्यप और धीरेन्द्र पाटले आपस में अच्छे दोस्त है. दोनों साथ काम करते थे और एक ही रूम में रहते थे. इसी नजदीकी के कारण सचिन खरे ने सनत को जिम्मेदार मानते हुए धमकाया, जबकि वीडियो में सनत ने खुद को निर्दोष बताया. जांजगीर पुलिस ने सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, सचिन ने फोन कर धमकाने की बात कबूल कर ली है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

लड़की की तलाश जारी

इधर, स्नेहा खरे की गुमशुदगी रिपोर्ट थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा में दर्ज है. कोरबा पुलिस उसकी तलाश कर रही है. पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर पूरी घटना की कड़ियों को खंगाल रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com