Video: ब्रेक लगाने पर घिसटा... ट्रक से टकराया ट्रेलर, नेशनल हाईवे पर पलटा, CCTV में कैद हुआ हादसा 

नेशनल हाईवे-53 पर यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ट्रक अचानक मुड़ता है और कुछ ही सेकंड में ट्रेलर उससे टकरा जाता है. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर दो भारी वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. यह हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी. गनीमत रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई. 

जानकारी के अनुसार, एक खाली आइसर ट्रक रसमड़ा इंडस्ट्रियल एरिया के पास डिवाइडर कट से अचानक दाईं ओर मुड़ रहा था. इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से सामान से भरा एक भारी ट्रेलर तेज रफ्तार में आ रहा था. ट्रक चालक ने बिना आगे-पीछे देखे अचानक मोड़ लिया, जिसके बाद ट्रेलर चालक  ने ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेलर नहीं रुका और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. 

Advertisement

बुरी तरह हुए क्षतिग्रस्त

यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ट्रक अचानक मुड़ता है और कुछ ही सेकंड में ट्रेलर उससे टकरा जाता है. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. 

किसी को नहीं आई गंभीर चोट 

हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई. दोनों वाहनों के चालक और अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.