Groom Arrested in Durg: इससे बुरा क्या होगा, जब आप अपनी शादी की तैयारी कर रहे हैं, दूल्हा बनने का समय हो और आप मेहंदी लगाने वाले हों, लेकिन उससे पहले आपके हाथों में हथकड़ी लग जाए? कुछ ऐसा ही मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सामने आया है. पुलिस ने शादी के ठीक तीन दिन पहले युवक को गिरफ्तार किया है, जब घर में ढोल-नगाड़े बजने वाले थे, बारात निकलने की तैयारी हो रही थी और मेहमानों के आने की खुशियां छाई हुई थीं.
दुर्ग जिले में जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की सख्ती ने सभी को चौंका दिया है. मोहन नगर थाना क्षेत्र के श्रीनगर उरला इलाके में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग मोबाइल के जरिए खुलेआम सट्टा खेला रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की और इलाके की घेराबंदी कर दी. टीम ने श्रीनगर उरला क्षेत्र में दबिश दी और दो संदिग्ध युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया.
ऐप और वॉट्सऐप से लगवा रहे थे सट्टा
तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से 77,020 रुपये की नगदी राशि और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए. ये दोनों आरोपी मोबाइल एप्लिकेशन और वॉट्सऐप के जरिए लोगों से दांव लगवाकर सट्टा का खेल चला रहे थे. पुलिस ने दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया.
शादी की तैयारियां हो गईं थी पूरी
असली सनसनी तब मची जब पुलिस को पता चला कि इनमें से एक आरोपी सुरेंद्र उर्फ मोनू (30) ग्रीन चौक इलाके का रहने वाला था, जिसकी शादी 14 अप्रैल को तय थी. शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. शादी कार्ड रिश्तेदारों को पहुंच गए थे. परिवार वाले खुशी-खुशी दूल्हे को तैयार करने में जुटे हुए थे, लेकिन सुरेंद्र उर्फ मोनू आदतन सट्टेबाज था.
शादी पर भी जुआ खेलने से नहीं आया बाज
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं. शादी के महज तीन दिन बाकी रहते हुए भी वह अपने इस अवैध कारोबार से बाज नहीं आया, जबकि घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं. मोनू चुपके से श्रीनगर उरला क्षेत्र में बैठकर मोबाइल पर सट्टा पट्टी लिख रहा था और लोगों से दांव लगवा रहा था. पुलिस की टीम ने जैसे ही सूचना पर कार्रवाई की. मोनू को रंगे हाथों सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया.
ये भी पढ़ें- बिहार से लातूर जा रहे 167 बच्चों को पटना-पुणे ट्रेन से रेस्क्यू, संदिग्ध ट्रैफिकिंग को लेकर पूछताछ जारी