दुर्ग में दिल दहला देने वाला हत्याकांड; कथित प्रेमिका की क्रूर वारदात, STF आरक्षक के बेटे और पत्नी की हत्या

Durg Murder Case: दुर्ग में सनसनीखेज हत्याकांड. 25 वर्षीय महिला ने चाकू से हमला कर मां और 9 साल के बेटे की हत्या की, दो बच्चियां गंभीर घायल. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
दुर्ग की STF कॉलोनी में महिला ने चाकू से हमला कर मां‑बेटे की हत्या की

Durg Murder Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और क्रूर हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. एक 25 वर्षीय युवती ने अपने कथित प्रेमी की पत्नी और उसके तीन नाबालिग बच्चों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में माँ और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बेटियाँ गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं. वारदात दुर्ग के कातुलबोर्ड स्थित एसटीएफ कॉलोनी में हुई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.

STF कॉलोनी में सुबह-सुबह हमला

यह सनसनीखेज घटना शनिवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच दुर्ग के कातुलबोर्ड इलाके की एसटीएफ कॉलोनी में हुई. कॉलोनी के डी-15 भवन की तीसरी मंजिल पर रीना यादव अपने तीन बच्चों के साथ रहती थीं. शनिवार सुबह आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज वहां पहुंची और सीधे रीना यादव के फ्लैट में दाखिल हो गई.

Advertisement

पति घर पर नहीं थे, उसी दौरान हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, रीना यादव के पति ललितेश यादव उस समय घर पर मौजूद नहीं थे. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में जगदलपुर में पदस्थ हैं. घटना के समय वे दुर्ग रेलवे स्टेशन पर घर जाने के लिए टिकट रिजर्वेशन कराने गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर आरोपी महिला ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया.

Durg Murder Case: दुर्ग हत्याकांड

बहस से शुरू हुई दरिंदगी

घर पहुंचते ही सरोजनी भारद्वाज की रीना यादव से तीखी बहस शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि बहस के दौरान आरोपी ने टीवी की आवाज तेज कर दी और कुछ ही पलों में विवाद हिंसक हो गया. इसके बाद सरोजनी ने घर में रखे चाकू से रीना यादव पर अचानक हमला कर दिया.

बच्चों पर भी बेरहमी से किए गए वार

मां पर हमला करने के बाद आरोपी ने घर में मौजूद तीनों नाबालिग बच्चों को भी निशाना बनाया. 9 वर्षीय आदित्य, जो चौथी कक्षा का छात्र था, पर आरोपी ने 12 से 14 बार चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई. वहीं 11 वर्षीय नैना और 10 वर्षीय तनु पर भी कई बार चाकू से हमला किया गया. दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हैं.

बाथरूम में छिपने की कोशिश नाकाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बच्ची जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गई थी, लेकिन आरोपी ने उसे वहां से खींचकर बाहर निकाला और उस पर भी बेरहमी से चाकू से हमला किया. इस दौरान रीना यादव गंभीर हालत में अपनी बच्चियों की जान की भीख मांगती रहीं, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा.

Advertisement

पड़ोसियों के पहुंचने से मचा हड़कंप

मां और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि आरोपी महिला हाथ में खून से सना चाकू लेकर दरवाजे पर खड़ी थी. कुछ ही देर बाद वह मौके से फरार हो गई. पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में मां-बेटे को मृत घोषित किया गया

अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने रीना यादव और उनके 9 वर्षीय बेटे आदित्य को मृत घोषित कर दिया. दो बेटियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से एक की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है.

Advertisement

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 13 मजदूर हिरासत में, लाखों का माल जब्त, फैक्ट्री मालिक फरार

यह भी पढ़ें : नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़ा: जबलपुर हाईकोर्ट सख्त, बिना अनुमति नहीं होंगी परीक्षाएं; 30 हजार छात्रों को झटका

यह भी पढ़ें : होटल के कमरे में मिला युवक‑युवती का शव; रीवा में दर्दनाक घटना, सल्फास और कीटनाशक बरामद

यह भी पढ़ें : कान्हा और बालाघाट में बाघ व शावक मृत मिले, टाइगर स्टेट MP में जनवरी से अब तक 23 बाघों की मौत