दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, ‘मुसाफिर’ और ‘M4’ पर शिकंजा; लाखों का माल जब्त, फैक्ट्री मालिक फरार

Illegal Gutkha Factory Raid Durg: दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के बासीन गांव में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस और फूड सेफ्टी की संयुक्त कार्रवाई में लाखों का गुटखा, मशीनें और ट्रक जब्त किए गए. 13 मजदूर हिरासत में हैं, जबकि फैक्ट्री मालिक फरार है. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर पुलिस और फूड सेफ्टी की कार्रवाई

Durg Illegal Gutkha Factory Raid: दुर्ग जिले में अवैध गुटखा कारोबार एक बार फिर प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है. नंदिनी थाना क्षेत्र के बासीन गांव में पुलिस, खाद्य‑औषधि प्रशासन और जीएसटी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े गोदाम में चल रही अवैध गुटखा फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जर्दा युक्त गुटखा, मशीनरी और कच्चा माल बरामद किया गया. मौके से दर्जनभर बाहरी राज्यों के मजदूरों को हिरासत में लिया गया है, वहीं फैक्ट्री का संचालक फरार बताया जा रहा है. प्रशासन अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटा है.

बासीन गांव में छापा, संयुक्त कार्रवाई

नंदिनी थाना पुलिस को लंबे समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. इसी कड़ी में बासीन गांव में सड़क किनारे बंद पड़े एक गोदाम पर पुलिस ने दबिश दी. इस कार्रवाई में खाद्य‑औषधि प्रशासन (FSSAI) और जीएसटी विभाग की टीम भी शामिल रही. जब गोदाम का ताला खुलवाया गया, तो अंदर बड़े पैमाने पर गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का काम चलता मिला.

Advertisement

Durg Illegal Gutkha Factory Raid: दुर्ग अवैध गुटखा फैक्ट्री

‘मुसाफिर' और ‘M4' ब्रांड के गुटखे का उत्पादन

जांच में सामने आया कि यहां ‘मुसाफिर' और ‘M4' ब्रांड के जर्दा युक्त गुटखे का अवैध रूप से उत्पादन किया जा रहा था. मौके से तैयार गुटखा, सुगंधित जर्दा, पैकिंग सामग्री, कच्चा माल और तीन बड़ी मशीनें जब्त की गई हैं, जिनके जरिए लगातार पैकेजिंग की जा रही थी. अधिकारियों के मुताबिक यह फैक्ट्री अप्रैल की शुरुआत से सक्रिय थी और कई महीनों से यह अवैध कारोबार चल रहा था.

दूसरे राज्यों के 13 मजदूर हिरासत में

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे 13 मजदूरों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. ये मजदूर मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन्हें यहां कौन लाया, वे कब से काम कर रहे थे और फैक्ट्री के संचालन में किन‑किन लोगों की भूमिका है.

ट्रक से होती थी गुटखे की सप्लाई

मौके पर एक बड़ा ट्रक भी बरामद किया गया है, जिसके जरिए तैयार गुटखे को अलग‑अलग स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था. गुटखे को बारदानों के नीचे छुपाकर शातिराना तरीके से भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. आशंका जताई जा रही है कि यह नेटवर्क जिले के अलावा अन्य क्षेत्रों तक फैला हुआ हो सकता है.

लाइसेंस को लेकर संदेह, जांच जारी

जिला खाद्य और औषधि प्रशासन अधिकारी जितेंद्र नेने ने बताया कि ‘मुसाफिर' ब्रांड के पैकेट पर कुम्हारी स्थित ‘रजत सेल्स' से संबंधित एक खाद्य लाइसेंस नंबर अंकित मिला है. हालांकि संबंधित फर्म इस अवैध इकाई से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार कर रही है. ऐसे में यह जांच का विषय बना हुआ है कि कहीं ब्रांड के नाम पर डुप्लीकेट गुटखा तो तैयार नहीं किया जा रहा था.

Advertisement

फैक्ट्री मालिक फरार, आगे की कार्रवाई पर नजर

फैक्ट्री का मुख्य संचालक फिलहाल मौके पर नहीं मिला है और फरार बताया जा रहा है. अधिकारी के अनुसार, यदि कोई इस यूनिट पर दावा करता है तो बिना लाइसेंस संचालन और फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कार्रवाई होगी. वहीं अगर कोई दावा नहीं करता, तो मजदूरों के बयान, जब्त सामग्री और मकान मालिक की भूमिका के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि यह डुप्लीकेट ब्रांडिंग और अवैध उत्पादन का बड़ा मामला साबित हुआ, तो धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : अलीराजपुर जिला पंचायत CEO ने भाजपा नेता पर दर्ज कराई FIR; सरकारी दफ्तर में धमकी का मामला, लगे गंभीर आरोप

Advertisement

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के इस सरकारी अस्पताल में लगा बाथटब; इन मरीजों को गर्मी में मिलेगा Ice बाथ, अलग वार्ड तैयार

यह भी पढ़ें : कैमरे में Live मर्डर कैद; छत्रपति संभाजीनगर का Video आया, घर में घुसकर महिला ने महिला पर किए चाकू से वार

यह भी पढ़ें : ‘शिवाजी कोण होता?' किताब विवाद: शिंदे गुट के MLA संजय गायकवाड़ पर FIR, प्रकाशक को जान से मारने की धमकी का आरोप