ड्राइवर निकला किडनैपिंग का मास्टरमाइंड, 22 लाख की फिरौती का खेल ऐसे हुआ बेनकाब

सूरजपुर में महिला के अपहरण की बड़ी साजिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. हैरान करने वाली बात यह रही कि इस किडनैपिंग का मास्टरमाइंड महिला का अपना ड्राइवर निकला. रिटायरमेंट के पैसों की लालच में अपहरण कर 22 लाख की फिरौती मांगी गई थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Driver Kidnapping Mastermind: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में महिला के अपहरण की सनसनीखेज गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. शुरुआती जांच में जो मामला बाहर से किसी संगठित गिरोह का लग रहा था, उसका मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि महिला का अपना भरोसेमंद ड्राइवर ही निकला. रिटायरमेंट के पैसों की लालच में रची गई इस साजिश का पर्दाफाश होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला के अपहरण की पूरी योजना उसके ही ड्राइवर ने बनाई थी. आरोपी ड्राइवर को जानकारी थी कि महिला के पास हाल ही में रिटायरमेंट के बाद काफी रकम आई है. इसी पैसे को हड़पने के इरादे से उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची.

Advertisement

अपहरण के बाद मांगी गई 22 लाख की फिरौती

महिला को अगवा करने के बाद आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से उसी का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया. उन्होंने महिला के परिजनों को कॉल कर 22 लाख रुपये की फिरौती की मांग की. अचानक आए फोन से परिवार घबरा गया और तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी.

पुलिस की सक्रियता से बिगड़ा खेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. इलाके में नाकेबंदी की गई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाने लगी. पुलिस का दबाव बढ़ता देख आरोपी घबरा गए और पकड़े जाने के डर से महिला को बाईपास रोड पर छोड़कर फरार हो गए.

महिला सुरक्षित, आरोपी गिरफ्त में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. इसके बाद टेक्निकल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी ड्राइवर और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया. तीसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं.

एसएसपी ने किया बड़ा खुलासा

एसएसपी सूरजपुर प्रशांत ठाकुर ने बताया कि पूरे अपहरण की साजिश का मास्टरमाइंड महिला का अपना ही ड्राइवर है. उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया है. फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं.

Advertisement

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

फिलहाल पुलिस ने अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.