छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को मिली स्वीकृति, अब 5 हजार खाली पद भरेगा स्कूल शिक्षा विभाग

छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ हो गया है. राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है. डायरेक्टरेट ऑफ पब्लिक इंस्ट्रक्शन को आदेश जारी कर दिए गए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती को हरी झंडी दे दी है. सरकार की मंजूरी के साथ ही अब प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. कुल 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

सरकार ने भर्ती प्रस्ताव को दी मंजूरी

राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए कुल 5,000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी है. इस निर्णय के साथ ही विभाग को औपचारिक रूप से भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अनुमति मिल गई है.
इस संबंध में डायरेक्टरेट ऑफ पब्लिक इंस्ट्रक्शन (DPI) को औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है. आदेश जारी होने के बाद अब विभागीय स्तर पर भर्ती की तैयारी तेज हो गई है और आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी.

Advertisement

पहले 4,708 पदों को मिली थी मंजूरी

गौरतलब है कि इससे पहले 28 अक्टूबर 2025 को राज्य सरकार ने 4,708 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी थी. इन पदों को भरने की तैयारी पहले ही चल रही थी. अब स्कूल शिक्षा विभाग ने 292 अतिरिक्त सहायक शिक्षक पदों के सृजन को भी मंजूरी दे दी है. इन नए पदों के जुड़ने के बाद कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़कर 5,000 हो गई है.

युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका

इन पदों पर भर्ती से न केवल स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, बल्कि प्रदेश के हजारों शिक्षित युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर भी मिलेगा. शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होगी.

जल्द शुरू हो सकती है भर्ती प्रक्रिया

अब जब सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं, तो जल्द ही भर्ती प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है. अभ्यर्थियों को सलाह दी जा रही है कि वे विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें.