विज्ञापन

सिख से ईसाई बने दो परिवारों ने अब की 'घर वापसी', बोले- पूर्वजों की परंपरा में ही शांति है

दुर्ग, छत्तीसगढ़ में दो सिख परिवारों ने ईसाई धर्म छोड़कर फिर से अपने मूल सिख पंथ में घर वापसी की. गुरुद्वारे में कीर्तन और अरदास के बीच सम्पन्न प्रक्रिया में परिवारों ने कहा कि पूर्वजों की परंपरा में ही उन्हें सच्ची शांति और अपनापन मिला.

सिख से ईसाई बने दो परिवारों ने अब की 'घर वापसी', बोले- पूर्वजों की परंपरा में ही शांति है

Religious Conversion News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बुधवार को उस वक्त एक खास माहौल देखने को मिला, जब दो परिवार, जो कुछ साल पहले ईसाई धर्म अपनाकर चले गए थे, फिर से अपने मूल सिख धर्म में लौट आए. गुरुद्वारे में कीर्तन और अरदास के बीच हुई इस ‘घर वापसी' के दौरान परिवारों ने कहा कि अपने पूर्वजों की परंपरा और मूल धर्म में ही उन्हें सुकून और शांति मिली है. समाज के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में हुई इस प्रक्रिया ने समुदाय में एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है.

घर वापसी की प्रक्रिया

दुर्ग के सुपेला गुरुद्वारे में दो सिख परिवारों के कुल छह सदस्यों चार पुरुष और दो महिलाओं ने विधि‑विधान से सिख पंथ में पुनः प्रवेश किया. पूरी प्रक्रिया कीर्तन, गुरबाणी और अरदास के बीच सम्पन्न हुई. यह पहल छत्तीसगढ़ सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में की गई.

समिति की भूमिका और बढ़ते मामले

इंद्रजीत सिंह के अनुसार, पिछले कुछ समय में कई सिख परिवार अलग-अलग कारणों से दूसरे धर्मों में चले गए थे, लेकिन अब उनमें वापस लौटने की इच्छा बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को छत्तीसगढ़ सिख यूथ सेवा समिति पूरी मदद देती है चाहे वह घर वापसी की प्रक्रिया हो या बाद में परिवारों की जरूरतों के अनुसार सहयोग. समिति का कहना है कि आगे भी जो लोग अपने मूल धर्म में लौटना चाहेंगे, उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी.

परिवार की भावनाएं और कारण

एक परिवार के मुखिया मनजीत सिंह ने बताया कि वे चार साल पहले "लालच में आकर" दूसरे धर्म में चले गए थे, लेकिन धीरे‑धीरे उन्हें एहसास हुआ कि सच्ची शांति और अपनापन अपनी ही परंपरा में है. उन्होंने कहा कि पूर्वजों के रास्ते पर चलने में जो आत्मिक संतोष मिलता है, वह कहीं और नहीं मिला. इसलिए उन्होंने वापस लौटने का फैसला किया और समिति के प्रति आभार व्यक्त किया.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close