छत्तीसगढ़ में शिक्षा को भविष्य की तकनीकों से जोड़ते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित नवाचारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि AI आधारित शिक्षा से राज्य को ज्ञान, कौशल और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है.
गूगल इंडिया के प्रतिनिधियों से अहम मुलाकात
मुख्यमंत्री से राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय में संजय जैन (हेड, Google for Education India) और राकेश रंजन (पब्लिक पॉलिसी प्रमुख, Google India) ने मुलाकात की. इस दौरान राज्य में AI आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई.
रायपुर से शुरू होगा ‘AI सक्षम शिक्षा अभियान'
संजय जैन ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन और Google के बीच लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) साइन किया गया है. इसके तहत रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शुरू किया गया है. इस पहल के जरिए स्कूल शिक्षा में AI आधारित तकनीकों को शामिल किया जाएगा, जिससे पढ़ाई को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाया जा सके.
2 लाख शिक्षकों को मिलेगा AI प्रशिक्षण
इस कार्यक्रम के अंतर्गत “सक्षम शिक्षक अभियान” भी चलाया जाएगा. इसके तहत राज्यभर के शिक्षकों को डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
सरकार ने 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रमाणन देने का लक्ष्य तय किया है. इसके लिए Google for Education अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है.
शुरुआती चरण में 200 शिक्षकों की ट्रेनिंग
अभियान के पहले चरण में 200 शिक्षकों के साथ विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. इन वर्कशॉप में Google for Education टूल्स का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा. साथ ही कक्षा में AI के उपयोग से छात्रों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.