छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम का पदाधिकारी गिरफ्तार, भगवान शिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर हुई कार्रवाई

सोशल मीडिया पर भगवान शिव के बारे में कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने ‘छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम' के एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अरुण पन्नालाल को पुलिस ने रात में ही किया था गिरफ्तार.
NDTV

भगवान शिव पर अश्लील टिप्पणी के मामले में क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने शुक्रवार रात सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. शाम को छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर हंगामा करते हुए नारेबाजी की थी. इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई थी.

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अमित चिमनानी की ओर से सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद शुक्रवार देर रात अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने शिकायत ने हवाले से बताया कि हंसराज गोयल नामक एक फेसबुक उपयोगकर्ता ने भगवान शिव के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद रायपुर निवासी पन्नालाल ने उस पर कथित तौर पर बेहद अश्लील टिप्पणी की.

Advertisement

पुलिस को शिकायतकर्ताओं ने दिए सबूत

अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित पोस्ट और टिप्पणियों के वेब-एड्रेस तथा उनके चित्र भी उपलब्ध कराए हैं. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन टिप्पणियों से हिंदू धर्म और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुईं. साथ ही, ये टिप्पणियां अलग-अलग समुदायों के बीच नफरत और दुश्मनी फैलाने के इरादे से की गई थीं, जिससे राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है.

अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पन्नालाल और गोयल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. उन्होंने कहा कि पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गोयल का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

इस बीच, मामला सामने आने के बाद शुक्रवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ता और नेता पन्नालाल के घर पहुंच गए और वहां विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ेंभारत सरकार की तेल पाइपलाइन में सेंध! मथुरा पुलिस का MP के कारोबारी पर एक्शन; 19.44 करोड़ की संपत्ति कुर्क 

Advertisement