CG Budget Session 2026 Governor Ramen Deka Speech: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत 23 फरवरी 2026 से हो गई. यह प्रदेश की 6वीं विधानसभा का अष्टम् सत्र है. सदन में पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका ने अभिभाषण पढ़ा और सरकार की सफलताओं और भविष्य की योजनाओं को प्रदेश की जनता के सामने रखा. राज्यपाल डेका ने अपने भाषण की शुरुआत विधानसभा के नए भवन की शुभकामनाएं देते हुए की. उन्होंने कहा कि अब हमारे प्रदेश ने विकसित राज्य की ओर अपना नया सफर शुरू किया है. 2047 तक हम इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे. छत्तीसगढ़ में विकास की असीम संभावनाएं हैं. इन्हें साकार करने की दिशा में सरकार कड़ी मेहनत कर रही है. आइए, जानते हैं प्रदेश के राज्यपाल डेका के अभिभाषण की बड़ी बातें...
महिला सशक्तिकरण पर फोकस
सरकार की प्राथमिकता अंत्योदय का कल्याण है, सरकार की सोच है कि आखिरी पंक्ति में खड़े नागरिक को भी लाभ मिले, इस सोच के अनुरूप नीति बनती है तो समावेशी विकास की दिशा में कदम स्वतः बढ़ जाते हैं. इस विकास में महिला सशक्तिकरण की भूमिका है, इसलिए यह वर्ष ‘महतारी गौरव वर्ष‘ के रूप में मनाया जा रहा है. ‘महतारी वंदन योजना‘ के माध्यम से हर महीने एक-एक हजार रुपए की राशि 69 लाख महिलाओं के खाते में जमा की जा रही है.
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे युवाओं को पांच वर्ष की छूट
सरकार अपनी युवा शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा अवसर मानती है. बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए नवा रायपुर को एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. देशभर की प्रतिष्ठित संस्थाएं स्थापित हो रही हैं. साथ ही सरकार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट प्रदान की है, साथ ही विभिन्न विभागों में करीब 32 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की जा रही है. जिससे अब तक पिछड़ चुके युवा नौकरी हासिल कर सकें.
किसानों को समृद्ध बनाने का प्रयास
विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब किसान मजबूत और समृद्ध होंगे. ऐसे में इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया और 33 हजार 431 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. ‘कृषक उन्नति योजना' के तहत होली से पहले सरकार किसानों को 10 हजार 292 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी. छत्तीसगढ़ के 24 लाख 72 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का भी लाभ मिल रहा है.
फैशन, अंतरिक्ष और साइंस पर फोकस
छत्तीसगढ़ का हस्तशिल्प देश भर में प्रसिद्ध रहा है. इसलिए सरकार ने नवा रायपुर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की स्थापना का निर्णय लिया है. अटल नगर नवा रायपुर में पहले अंतरिक्ष केंद्र की शुरुआत से बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिली है और छत्तीसगढ़ अंतरिक्ष विज्ञान में आगे बढ़ रहा है. ‘अंतरिक्ष संगवारी' पहल से विद्यार्थियों, किसानों और युवाओं को लाभ होगा, रोजगार बढ़ेंगे और इसे हर जिले तक फैलाया जाएगा. नवा रायपुर में साइंस सिटी स्थापित की जा रही है. स्कूली बच्चों को अंतरिक्ष से जुड़े प्रयोगों की सुविधा देने के लिए बस्तर और सरगुजा में नेशनल काउंसिल ऑफ सांइस म्यूजियम कोलकाता के सहयोग से मोबाइल साइंस लैब की स्थापना की जा रही है.
पीएम आवास में रचा कीर्तिमान
सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए और इन पर तेजी से काम चल रहा है. आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए सरकार ने 15 हजार आवास निर्माण का लक्ष्य रखा है. चालू वित्तीय वर्ष में 10 माह की अवधि में सर्वाधिक 5 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कर छत्तीसगढ़ ने देश में कीर्तिमान स्थापित किया है.
लाल आतंक पर प्रहार
दो साल में माओवादी आतंकवाद को समाप्त करने की दिशा में बड़ी सफलता प्राप्त की है.532 माओवादी न्यूट्रलाइज किए गए, 2704 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया और 2004 माओवादी गिरफ्तार किए गए. सरकार ने आत्मसमर्पण की बेहतर पॉलिसी बनाई, जिसके फलस्वरूप भटके हुए युवा अब मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं.
वन अधिकार में नंबर बन
वनाधिकार पत्र जारी करने में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल स्थान पर है. अब तक प्रदेश में 4 लाख 83 हजार 222 व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र, 48 हजार 251 सामुदायिक वनाधिकार पत्र और 4 हजार 396 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र जारी किए गए हैं. तेंदूपत्ता संग्रहण मूल्य 4 हजार से बढ़ाकर साढ़े 5 हजार रुपए कर दिया गया है।
राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के बड़े पॉइंट
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण हुआ.
- वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया गया.
- सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अंत्योदय और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना.
- महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर, वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा.
- समर्थन मूल्य पर 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी और 33,431 करोड़ रुपये का भुगतान.
- ‘कृषक उन्नति योजना' के तहत होली से पहले 10,292 करोड़ रुपये किसानों को देने का निर्णय.
- 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता.
- दलहन-तिलहन, मिलेट्स, जैविक खेती और फसल विविधीकरण को बढ़ावा.
- पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन से किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस.
- सिंचाई क्षमता में 25 हजार हेक्टेयर की वृद्धि, 477 सिंचाई योजनाओं को मंजूरी.
- ‘महतारी वंदन योजना' से 69 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये.
- फरवरी 2026 में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह, वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज.
- पिछले दो वर्षों में 532 माओवादी न्यूट्रलाइज, 2,704 ने आत्मसमर्पण किया.
- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पुल, मोबाइल टावर और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार.
- वनाधिकार पत्र वितरण में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल.
- शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण में सुधार, 4,106 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त.
- नई औद्योगिक नीति से अब तक 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव.
- युवाओं के लिए स्टार्टअप नीति, एजुकेशन हब, स्पेस सेंटर और साइंस सिटी की पहल.
- ‘अंजोर विजन डाक्यूमेंट' के जरिए 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप तैयार.