VIDEO: नाले से निकला युवक का हाथ! लोगों ने समझा लाश है, लेकिन जिंदा निकला शख्स

बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड के पास नाले से युवक का हाथ बाहर निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पहले लोगों को लाश होने का शक हुआ, लेकिन बाद में युवक जिंदा मिला.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bilaspur Drain Rescue Video: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में ऐसा नजारा दिखा, जिसे देखकर लोगों की सांसें अटक गईं. पुराने बस स्टैंड के पास बने नाले से अचानक एक युवक का हाथ बाहर निकलता दिखा. पहली नजर में लोगों को लगा कि शायद कोई लाश फंसी हुई है, लेकिन अगले ही पल वहां से मदद की आवाजें आने लगीं. फिर समझ आया कि नाले में फंसा शख्स जिंदा है. कुछ ही मिनटों में इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

पुराने बस स्टैंड के पास मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाले की स्लैब के नीचे एक युवक फंसा हुआ था. हाथ बाहर निकालकर वह लगातार मदद मांग रहा था. शुरुआत में राहगीरों को समझ नहीं आया कि मामला क्या है, लेकिन जब युवक की आवाज साफ सुनाई दी, तो लोग घबरा गए और तुरंत नगर निगम व पुलिस को सूचना दी गई.

जेसीबी से तोड़ी गई स्लैब, फिर निकला युवक

सूचना मिलते ही नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. हालात देखकर जेसीबी मशीन बुलवाई गई. मशीन की मदद से नाले की स्लैब तोड़ी गई और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया. रेस्क्यू के दौरान कई लोग वहीं खड़े रहे और हर किसी की नजरें उसी पर टिकी थीं कि युवक आखिर किस हालत में बाहर आएगा.

Advertisement

युवक ने बताया नाम और पता 

बाहर निकलने के बाद युवक ने अपना नाम राम कुमार चौहान, पिता फूलसाय चौहान बताया. उसने खुद को जोंधरा क्षेत्र का रहने वाला कहा. युवक की उम्र करीब 32 से 34 वर्ष के बीच बताई जा रही है. हालांकि पूछताछ के दौरान उसकी बातें ठीक से समझ नहीं आईं. कभी वह सवालों के जवाब भटककर देता दिखा, तो कभी अचानक हंसी-मजाक जैसी बातें करता रहा. इसी वजह से उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

पांच दिन से नाले में फंसे होने की बात 

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पिछले करीब पांच दिनों से नाले के भीतर फंसा हुआ था. हालांकि पुलिस या नगर निगम की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सबसे हैरानी की बात यह रही कि इतने समय तक नाले के अंदर रहने के बावजूद युवक गंभीर रूप से घायल नहीं पाया गया.

Advertisement

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी चर्चा

इस घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया. लोग अलग-अलग तरह के सवाल पूछ रहे हैं युवक नाले में गया कैसे, और अगर वह सच में कई दिन अंदर था तो इतने समय तक जीवित कैसे रहा?

परिजनों की तलाश कर रही पुलिस

पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक नाले के भीतर किन परिस्थितियों में पहुंचा. प्रशासन की तरफ से यह भी देखा जा रहा है कि नाले की स्लैब और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही तो नहीं रही.

Advertisement