Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक शर्मसार और सनसनीखेज मामला सामने आया है. वाड्रफनगर विकासखंड क्षेत्र के स्कूल में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा ने स्कूल के ही पूर्व प्रभारी प्राचार्य युवधन जयसवाल पर छेड़छाड़ और बेड टच जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है.
परिजनों को बताई आपबीती, थाने में दर्ज हुई शिकायत
नाबालिग छात्रा ने स्कूल में हुई कथित घटना की जानकारी घर पहुंचकर अपने परिजनों को दी. इसके बाद परिजन तत्काल वाड्रफनगर पुलिस चौकी पहुंचे और पूर्व प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
FIR की खबर मिलते ही आरोपी फरार
पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने की जानकारी मिलते ही आरोपी पूर्व प्रभारी प्राचार्य फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को किसी को भी घटना की जानकारी न देने के लिए डराने और धमकाने की कोशिश की. बार-बार धमकी दिए जाने से छात्रा मानसिक रूप से काफी डरी और सहमी हुई है, जिसका उस पर गहरा असर पड़ा है. परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
DEO ने गठित की तीन सदस्यीय महिला जांच समिति
बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय महिला जांच समिति गठित की गई है. जांच टीम मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विभागीय स्तर पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
एडिशनल एसपी बोले-जल्द होगी सख्त कार्रवाई
मामले पर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने कहा कि यह नाबालिग से जुड़ा गंभीर मामला है. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- चाचा का मर्डर कर जंगल में छिप गया था भतीजा, 48 घंटे के अंदर पुलिस ने खोज निकाला, हत्या की बताई ये वजह