'सड़क-पुल और भवनों के लिए 13 हजार करोड़ मंजूर'- NDTV कॉन्क्लेव में डिप्टी सीएम साव का बयान

एनडीटीवी कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य के विकास, बस्तर में बदलाव, खेल नीति और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने बताया कि सड़क, पुल, पुलिया और भवन निर्माण के लिए 13 हजार करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने NDTV के "इमर्जिंग छत्तीसगढ़: सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश" कॉन्क्लेव में राज्य के विकास, खेल, बस्तर, नक्सलवाद और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है और इसी कड़ी में सड़क, पुल, पुलिया और भवन निर्माण के लिए लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी जा चुकी है. अरुण साव ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ अब तेजी से "विकसित छत्तीसगढ़" की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने विपक्ष की भूमिका और राहुल गांधी के हालिया प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए.

राहुल गांधी के प्रदर्शन पर उठाए सवाल

कॉन्क्लेव में अरुण साव ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की. उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जो संविधान और कानून से चलता है. ऐसे में संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से कानून का पालन करने की अपेक्षा अधिक होती है.

Advertisement

साव ने कहा कि बिना अनुमति और पूर्व सूचना के प्रधानमंत्री आवास के रास्ते पर प्रदर्शन करना उचित नहीं था. उनके मुताबिक, देश के नेता प्रतिपक्ष को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए.

कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी लगातार चुनाव हारने की वजह से हताशा में है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों से भटक चुकी है और अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है.

अरुण साव ने कहा कि देश की जनता ही कांग्रेस को राजनीतिक रूप से और कमजोर करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष में रहकर जनता की आवाज उठाना एक जिम्मेदारी है, लेकिन कांग्रेस उस भूमिका का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर पा रही है.

बस्तर में बदलाव को बताया ऐतिहासिक

बस्तर में बदलाव के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कुछ साल पहले तक जहां लोगों को आने-जाने में डर लगता था, आज वहां सामान्य जीवन लौट रहा है. उन्होंने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सुरक्षा बलों को दिया.

Advertisement

साव ने कहा कि बस्तर के लोगों के चेहरों पर अब खुशी दिखाई देती है. लोगों को उम्मीद है कि अब उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़क संपर्क मिलेगा. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में बड़ा काम हुआ है.

13 हजार करोड़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

अपने विभागों के कामकाज पर चर्चा करते हुए अरुण साव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को इस वर्ष ऐतिहासिक बजट मिला है. उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, पुलिया और भवन निर्माण के लिए लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि सड़कें सिर्फ आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि विकास का आधार बनती हैं. बेहतर सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देती हैं.

Advertisement

खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए गंभीरता से काम कर रही है. इस बार खेल विभाग को मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के तहत 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट दिया गया है.

उन्होंने कहा कि सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशिक्षकों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही है. साथ ही कोचों को बेहतर प्रशिक्षण दिलाने के लिए भी योजनाएं बनाई जा रही हैं.

नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफलता पर जताई खुशी

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक की सफलता के बाद राज्य को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर मिला. उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी टीम ने मेहनत की और देशभर में इसकी सराहना हुई. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में खेल प्रतिभा स्वाभाविक रूप से मौजूद है और सरकार उन्हें बेहतर मंच देने के लिए लगातार काम कर रही है.

27-28 जुलाई को होगा स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव

उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 27 और 28 जुलाई को राज्य में स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा. इसमें खिलाड़ियों, खेल संघों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर छत्तीसगढ़ के खेलों का दीर्घकालीन विजन तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है ताकि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बना सके.

स्मार्ट मीटर विवाद पर भी रखी बात

बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस इस विषय को अनावश्यक रूप से राजनीतिक मुद्दा बना रही है. उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं और यह तकनीकी बदलाव का हिस्सा है. साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि यह विषय सरकार के संज्ञान में है और उस पर नजर रखी जा रही है.

जिम्मेदारी को बताया सेवा का अवसर

अपने राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए अरुण साव ने कहा कि जीवन में उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला है. उनका मानना है कि यदि किसी काम को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाए तो कोई भी चुनौती कठिन नहीं होती. उन्होंने कहा कि हर जिम्मेदारी को उन्होंने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ निभाने की कोशिश की है और आगे भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा.