Ambikapur Road Accident: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया. हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हैं. हादसे से गुस्साए लोगों ने चालक के साथ जमकर मारपीट कर दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लंबा जाम लग गया. हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए.
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रविवार देर शाम नेशनल हाईवे 130 स्थित भिट्ठीकला में हुआ है. बताया गया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को कुचल दिया. इसके बाद वह अनियंत्रित होकर एक ट्रेलर से टकरा गई. अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
मौके पर मौजूद पुलिस की टीम.
भीड़ ने इतना पीटा कि मर गया चालक
गुस्साए लोगों की भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. हादसे और मारपीट में लगी चोटों के कारण उसकी भी मौके पर मौत हो गई. इधर, सड़क पर लोगों की भीड़ लगने से लंबा जाम लग गया.
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे की सूचना पर मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं.