सूरजपुर में 10वीं बोर्ड परीक्षा में नकल: हटाए गए केंद्राध्यक्ष, तीन छात्र चिट से लिख रहे थे प्रश्नों के उत्तर

Chhattisgarh 10th Board Exam Cheating: जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष रज्जाक अंसारी को तत्काल हटा दिया है और उनकी जगह नए केंद्राध्यक्ष सतीश पांडेय की नियुक्ति कर दी गई है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Chhattisgarh 10th Board Exam 2026: सूरजपुर में चल रही 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है. गणित विषय की परीक्षा में चिट के सहारे उत्तर लिखते हुए तीन छात्रों को उड़नदस्ता टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया. यह कार्रवाई औचक निरीक्षण के दौरान की गई, जहां तहसीलदार की मौजूदगी में छात्रों को नकल करते हुए पाया गया.

उड़नदस्ता ने पकड़ा था नकलची

दरअसल मामला शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल सलका अधीना का है. निरीक्षण के दौरान जब उड़नदस्ता टीम ने परीक्षा कक्ष की जांच की, तो तीन छात्र चिट के सहारे प्रश्नों के उत्तर लिखते हुए मिले. इसके बाद मौके पर ही तीनों छात्रों के खिलाफ नकल प्रकरण तैयार कर लिया गया और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

परीक्षा केंद्रों की निगरानी

बताया जा रहा है कि जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 10 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने जिला और ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता टीमों का गठन किया है. वहीं जिला प्रशासन की टीम भी लगातार औचक निरीक्षण कर परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी तरह की नकल पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष को हटाया गया

इधर, जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष रज्जाक अंसारी को तत्काल हटा दिया है और उनकी जगह नए केंद्राध्यक्ष सतीश पांडेय की नियुक्ति कर दी गई है. साथ ही पूर्व केंद्राध्यक्ष को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है. जवाब के आधार पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को पत्र भेजा जाएगा. फिलहाल इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी निगरानी और सख्त किए जाने की बात कही जा रही है, ताकि बोर्ड परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.

Advertisement

ये भी पढ़ें: UPSC Result: पिता चलाते हैं किराने की दुकान, बेटी दर्शना ने UPSC की परीक्षा में हासिल की 383वीं रैंक, दूसरे प्रयास में बनी IPS