Water Crisis: गर्मियां शुरू होते ही गहराया जल संकट, न हैंडपंप और न ही कोई कनेक्शन, गड्ढे का पानी पीने को मजबूर लोग

Madhya Pradesh Water Crisis: गर्मी की शुरुआत के साथ ही ग्रामीण इलाकों में जल संकट गहराने लगा है. हालात इतने खराब हैं कि लोग पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं. बड़वानी जिले से सामने आई तस्वीरें प्रशासनिक दावों की पोल खोलती नजर आ रही हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Barwani Water Crisis: बड़वानी जिले के पानसेमल जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बायगोर में इन दिनों भीषण जल संकट छाया हुआ है. गांव में न तो हैंडपंप की सुविधा है और न ही कोई ठोस पेयजल व्यवस्था. ग्रामीणों को मजबूरन नाले में बने गड्ढेनुमा जीरी से पानी भरकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है. हैरानी की बात यह है कि यही पानी मवेशी भी पीते हैं और इसी दूषित पानी का इस्तेमाल ग्रामीणों को करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि हम लोग वही पानी पी रहे हैं जो जानवर पीते हैं. इससे उल्टी-दस्त जैसी बीमारियां हो रही हैं, लेकिन हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से शिकायत दी, लेकिन आज तक न तो हैंडपंप लगाया गया और न ही कोई स्थायी जल व्यवस्था की गई.

Advertisement

दो किमी पानी के लिए चलना पड़ता है...

यहां के ग्रामीण बताते हैं कि रोज सुबह हमें 2 किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है. हर साल यही परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन दोनों पर अनदेखी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सरकार जहां ‘हर घर नल से जल' के दावे कर रही है. वहीं, उनके गांव में न तो नल है और न ही पानी.

कब होगी ग्रामीणों की सुनवाई

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हमारे गांव में आज भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. आखिर हमारी सुनवाई कब होगी. लगातार शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर जल संकट को लेकर कोई ठोस कदम उठाएगा, या फिर ग्रामीणों को हर साल इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

ये भी पढ़ें- MP News: धामनोद में CMO से अभद्रता और धमकी मामला, CDR व ऑडियो साक्ष्य के आधार पर आरोपी पर FIR दर्ज