मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय कार्यालय वल्लभ भवन में गुरुवार को कामकाज ठप हो गया. मंत्रालय का ई-ऑफिस पोर्टल अचानक बंद हो गया, जिससे शासकीय कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए है. अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना मुख्य सचिव को दी.
बताया जा रहा है कि एनआईसी सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण यह पोर्टल बंद हुआ था. अधिकारी एवं कर्मचारी सामान्य दिनों की तरह ही सुबह 10 बजे से दफ्तर पहुंचना शुरू हो गए थे, लेकिन ई-ऑफिस पोर्टल ठप होने से ऑनलाइन फाइलिंग, ई-टेंडरिंग और ट्रेजरी ट्रांजेक्शन समेत कई प्रशासनिक कार्यों में भारी दिक्कतें आईं.
विशेषज्ञों की टीम लगातार जुटी रही
NIC सर्वर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए विशेषज्ञों की टीम लगातार जुटी रही, लेकिन काफी समय तक सुधार न होता देख कई अधिकारी अपने घर भी लौट गए. जब राज्य के सबसे बड़े सरकारी कार्यालय वल्लभ भवन में ई-ऑफिस पोर्टल अचानक बंद हुआ, तो इसका असर पूरे प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र पर देखने को मिला. कामकाज ठप होने से मंत्रालय में ऑनलाइन फाइलिंग समेत कई अन्य आवश्यक शासकीय प्रक्रियाएं रुक गईं.
ई-ऑफिस पोर्टल बहाल नहीं हो सका
पोर्टल बंद होते ही जिम्मेदार अधिकारियों ने तुरंत स्थिति की जानकारी मुख्य सचिव को प्रेषित की. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एनआईसी के अधिकारियों ने तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए दोपहर 2 बजे तक की समय-सीमा तय की थी, लेकिन पौने 3 बजे तक भी ई-ऑफिस पोर्टल बहाल नहीं हो सका.
ई-ऑफिस पोर्टल बंद रहने के कारण ऑनलाइन फाइलों को आगे बढ़ाने और उनके निष्पादन में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा. इसके अलावा, ई-टेंडरिंग और ट्रेजरी से संबंधित ऑनलाइन लेन-देन के कार्य भी प्रभावित रहे. तकनीकी टीम सर्वर की समस्या को दूर करने में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें- IAS सिद्धार्थ जैन यंगेस्ट कलेक्टर: दर्द निवारक गोलियां खाकर दी UPSC परीक्षा, 22 की उम्र में AIR-13
यह भी पढ़ें- फर्जी IAS संजय निकला महाठग! LBSNAA की फोटो, SDM का रूतबा दिखा जीतता था महिलाओं का दिल