मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. केबल चोरी के शक में तीन लोगों को पहले तो जमकर पीटा, फिर उनका जुलूस निकाला गया. इसका वीडियो भी सामने आया है. घटना बुधवार की बताई जा रही है. वीडियो में बड़ी संख्या में लोग युवकों को चप्पल, लात-घूंसों से पीटते और उनके गले में कंटीले तार पहनाकर घुमाते दिखाई दे रहे हैं. मौके पर WCL के गार्ड भी मौजूद दिख रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, वीडियो में राज्य संचालित ‘वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड' (डब्ल्यूसीएल) के कुछ सुरक्षाकर्मियों सहित कई लोग युवकों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर परासिया थाना क्षेत्र के इकलहरा स्थित डब्ल्यूसीएल परिसर में केबल चोरी के शक में इन तीनों युवकों को निशाना बनाया गया.
बंद पड़े प्लांट से केबल चोरी का आरोप
पुलिस निरीक्षक खेमचंद पटेल ने बताया कि इकलहरा टाउनशिप के पेंच क्षेत्र में स्थित बंद पड़े फिल्टर संयंत्र परिसर से केबल चोरी होने की घटना सामने आई थी. उन्होंने बताया कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगे निगरानी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें कथित तौर पर तीन संदिग्धों की पहचान हुई. इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया.
गले और कंधों पर डाले केबल
पटेल ने बताया कि पूछताछ के दौरान स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों के गले और कंधों पर कथित रूप से चोरी के लिए काटे गए केबल के बंडल डाल दिए और उन्हें पूरे इलाके में घुमाया. इस दौरान चप्पलों, लात-घूंसों से उनकी पिटाई भी की गई. उन्होंने कहा कि केबल चोरी के आरोपों की जांच की जा रही है.
डब्ल्यूसीएल की इकलहरा टाउनशिप के प्रबंधक विक्रम मालवी ने बताया कि परिसर से लोहे के केबल लगातार चोरी हो रहे थे. उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी पुलिस प्रशासन को सूचना दी जा चुकी है.
पुलिस ने क्या कहा
बड़कुही पुलिस चौकी प्रभारी ASI रामविलास तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है. उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- रीवा रियासत के अजब-गजब नियम: जब 4 घोड़ों की बग्घी पर बिफरे राजा, अकबर को दी पनाह और हिंदी को बनाई राजभाषा