सख्त तेवर में दिखीं IAS सौम्या मिश्रा, सहायक कलेक्टर के पद पर जॉइन करते ही औचक निरीक्षण किया, जिम्मेदारों पर गिरी गाज

IAS Saumya Mishra: आईएएस सौम्या मिश्रा की पहली पोस्टिंग सिंगरौली में हुई है. सहायक कलेक्टर के पद पर जॉइन करते ही वो औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कई जगहों पर आंगनबाड़ी केंद्र बंदे मिले, जिसके बाद जिम्मेदारों पर गाज गिरी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Singrauli Assistant Collector Soumya Mishra: एमपी के सिंगरौली जिले में नई पदस्थापना के साथ ही आईएएस सौम्या मिश्रा (सहायक कलेक्टर ) सख्त तेवर में नजर आए. जॉइन करते ही उन्होंने साफ कर दिया कि लापरवाही और अनियमितताओं के लिए अब कोई जगह नहीं है. इसी कड़ी में आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जहां जो तस्वीर सामने आई, उसने सिस्टम की हकीकत उजागर कर दी.

सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा ने किया औचक निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान नवजीवन विहार सेक्टर 2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और जरहां आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 केंद्र में निर्धारित समय पर ताले लटकते नजर आए, जिससे यह साफ हो गया कि जिम्मेदार कर्मचारी अपनी ड्यूटी को गंभीरता से नहीं ले रहे. कुछ केंद्रों में कार्यकर्ता अनुपस्थित पाए गए, तो कहीं बच्चों और महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाएं पूरी तरह नदारद थीं. पोषण आहार वितरण में भी गड़बड़ियां सामने आईं, जिससे लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं.

Advertisement

जिम्मेदारों पर गिरी गाज

सबसे बड़ी चिंता की बात यह रही कि जिन केंद्रों का उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की नींव रखना है, वही केंद्र बदहाल स्थिति में नजर आए. रजिस्टरों में अधूरी जानकारी, फर्जी एंट्री और वास्तविकता से मेल न खाने वाले आंकड़े प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरे. यह लापरवाही सीधे तौर पर सरकार की योजनाओं की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करती है.

सुपरवाइजर प्रियंका द्विवेदी निलंबित

सौम्या मिश्रा सहायक कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के आधार पर सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने इन खामियों को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. जांच के बाद संबंधित सुपरवाइजर प्रियंका द्विवेदी को निलंबित कर दिया गया, वहीं एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूजा कुशवाहा को पद से पृथक कर दिया गया. इसके साथ ही महिला बाल विकास विभाग के डीपीओ जितेंद्र गुप्ता के वेतन आहरण पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है. इतना ही नही अन्य कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आई, तो और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे.

सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा- 'अनदेखी बर्दाश्त नहीं'

सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल का कहना है कि आंगनवाड़ी केंद्र समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग, बच्चों और महिलाओं के विकास का आधार हैं. ऐसे में यहां किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आने वाले दिनों में निरीक्षण की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ सही तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंच सके.

मचा हड़कंप

इस सख्त कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. कई केंद्रों में तत्काल सुधार के प्रयास शुरू हो गए हैं. कर्मचारी समय पर पहुंचने लगे हैं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए हैं. यह बदलाव इस बात का संकेत है कि प्रशासन की सख्ती अब असर दिखाने लगी है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: Success Story: सफलता उम्र की मोहताज नहीं... 2nd क्लास की छात्रा ओजस्वी का कमाल, देगी 5वीं बोर्ड परीक्षा

Topics mentioned in this article