शिवपुरी में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराई ट्रैक्टर‑ट्रॉली, महिला‑बच्चे की मौत

Shivpuri Accident News: शिवपुरी के कोलारस में ट्रैक्टर‑ट्रॉली हाईटेंशन लाइन से टकराई. महिला और 7 साल के बच्चे की मौत, दो गंभीर रूप से झुलसे. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
शिवपुरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन से टकराने से हुए हादसे का दृश्य

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया. कोलारस इलाके में ट्रैक्टर‑ट्रॉली के हाईटेंशन बिजली लाइन से टकराने के चलते एक महिला और उसके 7 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक बंजारा परिवार रोज़ की तरह चारा खरीदने जा रहा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि नीचे लटक रही बिजली लाइन और ट्रॉली से बाहर निकले लोहे के पाइप इस हादसे की बड़ी वजह बने.

चारा ले जाते वक्त हुआ हादसा, लोहे के पाइप बने वजह

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कोलारस थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक बंजारा परिवार ट्रैक्टर‑ट्रॉली से चारा लेने निकला था. ट्रॉली में अधिक चारा लाने के लिए करीब 10 फीट लंबे लोहे के पाइप लगाए गए थे. जैसे ही ट्रॉली आगे बढ़ी, ये पाइप रास्ते में झुकी हुई हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गए.

Advertisement

तेज करंट फैला, महिला और मासूम की गई जान

बिजली लाइन से टकराते ही तेज करंट पूरे ट्रैक्टर‑ट्रॉली में फैल गया. अचानक करंट आने से ट्रॉली में सवार लोग संभल भी नहीं पाए. हादसे में लीला बाई बंजारा (30) की साड़ी में आग लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. महिला के साथ मौजूद उनका 7 साल का बेटा अनिल भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी थोड़ी देर बाद मौत हो गई.

दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलसे

इस हादसे में ट्रैक्टर चालक विनोद बंजारा (27) और एक अन्य महिला केसर बाई भी तेज करंट की चपेट में आ गए. करंट के झटके से दोनों ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े और बुरी तरह झुलस गए. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है.

राजस्थान से आकर कर रहे थे चारा कारोबार

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव का रहने वाला है. यह परिवार हर साल की तरह शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास अस्थायी डेरा डालकर चारा खरीदने‑बेचने का काम कर रहा था.

प्रत्यक्षदर्शियों ने पहुंचाया अस्पताल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रही दूसरी ट्रैक्टर‑ट्रॉली में सवार लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने मासूम बच्चे को मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

नीचे लटक रही थी हाईटेंशन लाइन, जांच में लापरवाही की आशंका

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर हाईटेंशन बिजली लाइन काफी नीचे लटक रही थी और आसपास पेड़‑पौधे होने की वजह से वह साफ नजर भी नहीं आ रही थी. वहीं ट्रॉली से बाहर निकले लोहे के पाइप घटना का मुख्य कारण बने. कोलारस एसडीओपी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि यह एक बेहद दुखद और टाला जा सकने वाला हादसा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में बिजली लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है. उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही किसानों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे बिजली लाइनों के पास ऊंचे उपकरण ले जाते समय विशेष सावधानी बरतें.

यह भी पढ़ें : ब्रेन ट्यूमर ऑपरेशन के बाद पेट पर चीरा! जिंदा को मुर्दा बताया, जानिए सतना अस्पताल में बवाल का पूरा मामला

Advertisement

यह भी पढ़ें : MP में MSP पर गेहूं खरीदी की तैयारी पूरी; इस बार 78 लाख मीट्रिक टन उपार्जन का लक्ष्य, क्या बनेगा रिकॉर्ड?

यह भी पढ़ें : राष्ट्रीय कृषि मेला; रायसेन में बनेगा खेती-किसानी का रोडमैप, कृषि मंत्री बोले गडकरी-राजनाथ सिंह होंगे शामिल

यह भी पढ़ें : रात में मछुआरा, दिन में एथलीट; अब्दुल फताह की 7 मीटर की छलांग ने लक्षद्वीप एथलेटिक्स में लिखा नया इतिहास