BJP विधायक के घर में दिनदहाड़े चोरी, भोपाल के VVIP इलाके में बोला धावा; सामने है स्पेशल DG का बंगला

भोपाल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले चार इमली इलाके में चोरों ने फिर हाथ साफ किया. रविवार दोपहर जबलपुर पाटन से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले में बड़ी चोरी हुई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
चार इमली इलाके में भाजपा विधायक अजय विश्नोई के बंगले में चोरी.

भोपाल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले VVIP इलाके चार इमली में भी अब चोर बेखौफ हो गए हैं. जहां मंत्री, विधायक और बड़े अफसर रहते हैं, वहीं पर रविवार दोपहर एक भाजपा विधायक के सूने बंगले में बड़ी चोरी हो गई. यह चोरी पूर्व मंत्री व जबलपुर के पाटन से विधायक अजय विश्नोई के सरकारी बंगले में हुई है. उन्हें चार इमली में डी-11/03 बंगला आवंटित है. वे महीने में तीन-चार दिन के लिए ही भोपाल आते हैं, बाकी समय बंगला खाली रहता है.

घर में काम करने वाले व्यक्ति ने रविवार को देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले टूटे पड़े हैं. अंदर जाकर पता चला कि तीन-चार दरवाजों के ताले तोड़ दिए और दरवाजे जिनके ताले चोर नहीं खोल पाए, उनके कुंदे ही उखाड़ दिए गए थे.

Advertisement

पीतल की टोटियां निकाल कर ले गए

चोर बंगले से नल की पीतल की टोंटियां और दूसरे छोटे-मोटे सामान तक निकाल ले गए. हैरानी की बात ये है कि ये पूरी वारदात दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई, जब इलाके में चहल-पहल रहती है, फिर भी आसपास किसी को पता नहीं चला. इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, क्योंकि विश्नोई का बंगला स्पेशल डीजी अजय शर्मा के बंगले के ठीक सामने है. इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच भी चोर वारदात कर फरार हो गए.

3-4 दिन पहले भी इलाके में हुई चोरी

बताया जा रहा है कि तीन-चार दिन पहले भी इसी चार इमली इलाके में एक अफसर के सूने मकान में इसी तरह चोरी हुई थी. ये पहला मौका नहीं है जब इस हाई सिक्योरिटी जोन में अपराध हुआ हो. पिछले साल 23 सितंबर 2023 को इसी इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष जब अपनी पत्नी के साथ रात में वॉक कर रहे थे तो बाइक सवार बदमाश उनके दो मोबाइल फोन झपट्टा मारकर लूट ले गए थे. हालांकि, पुलिस ने दो दिन बाद आरोपियों को पकड़ लिया था.

फिलहाल विधायक की शिकायत पर विधानसभा को सूचना दी है और हबीबगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें- 'शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा?', एथेनॉल का विरोध करने वालों पर भड़क गए BJP सांसद

Advertisement
Topics mentioned in this article