रीवा में सनसनीखेज हत्याकांड: चोरी में पकड़े जाने पर पड़ोसी ने महिला का सिर काटा

Rewa Crime News: रीवा के लोही गांव में महिला की सिर कटी लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए पड़ोसी को गिरफ्तार किया है. आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था, लेकिन पहचान उजागर होने के डर से उसने महिला की बेरहमी से हत्या कर दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

जावेद अंसारी: मध्य प्रदेश के बिछिया थाना क्षेत्र के लोही गांव में मिली सिर कटी महिला की लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. इस खौफनाक वारदात में महिला का कातिल उसका पड़ोसी ही निकला, जो चोरी की नीयत से घर में घुसा था.

क्या है पूरा मामला?

30 मार्च 2026 को लोही गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला की सिर कटी लाश मिलने की सूचना सामने आई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

Advertisement

जांच के दौरान महिला का धड़ घर के पीछे मिला, लेकिन सिर गायब था. पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद गांव के ही एक खेत से महिला का सिर बरामद किया. मृतका की पहचान लीलावती पटेल के रूप में हुई, जो गांव में अकेली रहती थी. उसके पति की पहले ही मौत हो चुकी थी और बेटी की शादी हो चुकी थी.

जांच में ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक

रीवा जिले की एडिशनल एसपी आरती सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बिछिया थाने में अपराध क्रमांक 118/2026 दर्ज कर धारा 103(1) और 238 (ए) BNS के तहत मामला कायम किया गया.

पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गांव के लोगों से गहन पूछताछ की. इसी दौरान शक की सुई मृतका के पड़ोसी राजा केवट पर जाकर टिक गई.

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस ने जब राजा केवट (उम्र 30 वर्ष) को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह 29-30 मार्च की दरमियानी रात चोरी करने के इरादे से महिला के घर में घुसा था.

Advertisement

लेकिन महिला के जाग जाने और उसे पहचान लेने के डर से उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. आरोपी ने महिला का सिर काट दिया और हत्या के बाद धड़ को घर के पीछे फेंक दिया, जबकि सिर को गांव के एक खेत में ले जाकर फेंक दिया था.

पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी

लगातार जांच, तकनीकी साक्ष्य और ग्रामीणों से पूछताछ के जरिए पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement
Topics mentioned in this article