बेटे की चाह ने ली जान! पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, मोबाइल पासवर्ड को लेकर हुआ था झगड़ा

Mp News: Rewa Murder Case में मोबाइल पासवर्ड को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Rewa Murder Case Husband Kills Wife Over Mobile Password Dispute in Madhya Pradesh
Jawed Ansari

Rewa Murder Case: मध्‍य प्रदेश के रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति ने मामूली विवाद के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया.  

तीसरी बेटी के बाद बढ़ा विवाद

एसडीओपी उदित मिश्रा के अनुसार, मृतका के भाई रवि प्रसाद की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में बताया गया कि दंपति की तीन बेटियां हैं. तीसरी बेटी के जन्म के बाद पति-पत्नी के बीच तनाव और बढ़ गया था. पति पवन मिश्रा को बेटे की चाह थी, जो पूरी नहीं हो सकी. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था. इसके अलावा आरोपी शराब पीने का भी आदी बताया गया है.

Advertisement

मोबाइल पासवर्ड बना विवाद की वजह

7 अप्रैल की रात आरोपी पवन मिश्रा शराब के नशे में घर पहुंचा. उसने अपनी पत्नी शिखा मिश्रा से मोबाइल का पासवर्ड मांगा. पत्नी ने जवाब में कहा कि पहले वह अपने फोन का पासवर्ड बताए, तब वह अपना पासवर्ड देगी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया.

स्टाइलिश चाकू से किए कई वार

झगड़ा बढ़ने पर आरोपी ने ऑनलाइन खरीदे गए स्टाइलिश चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसने शिखा मिश्रा के गले और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घर में उस समय बड़ी बेटी मौजूद थी, जबकि छोटी बेटियां पास में ही दादा-दादी के घर पर थीं.

बेटी ने दी मामा को सूचना, अस्पताल में मौत

घटना के बाद बड़ी बेटी ने अपने मोबाइल से मामा को सूचना दी. इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में शिखा मिश्रा को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पवन मिश्रा की तलाश तेज कर दी है. गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. 

जावेद अंसारी की र‍िपोर्ट 

यह भी पढ़ें- चार सगे भाई-बहन बने पुलिस कांस्टेबल, आखिर किसान परिवार ने कैसे लिखी सफलता की चौंकाने वाली कहानी?
यह भी पढ़ें- IAS रिया सैनी कौन हैं? PM मोदी के क्षेत्र वाराणसी में मिली पहली पोस्टिंग, भाई ने NDTV से शेयर की पूरी कहानी

Topics mentioned in this article