Rewa Airport: रीवा में बड़े ही शानो शौकत से एयरपोर्ट चालू किया गया था. 72 सीटर हवाई जहाज उड़ने और उतरने लगा था. एयरलाइंस ने टिकट की बुकिंग भी 72 सीटर के हिसाब से करनी शुरू कर दी, लेकिन अचानक बीते दिन 72 सीटर की जगह, 48 सीटर की हवाई जहाज उतार दिया. जिसके चलते कई यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा.
कई यात्री कंफर्म टिकट के बावजूद यात्रा से वंचित रह गए. ऐसी ही एक यात्री शिवानी जैन थी, जिन्हें बेहद जरूरी काम से दिल्ली जाना था, लेकिन उन्हें रीवा एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया. शिवानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर एयरलाइंस की दादागिरी पर चिंता जाहिर की है. शिवानी अपने परिजनों के साथ रीवा एयरपोर्ट पहुंची थी... वहां पर एयरलाइंस के अधिकारियों के द्वारा उनके साथ जिस तरीके का व्यवहार किया गया वो बेहद चिंतित करने वाला था. वो बार-बार कहती रही कि उन्हें बहुत जरूरी काम से दिल्ली जाना है, लेकिन एयरलाइंस के अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी.
रीवा एयरपोर्ट से फिलहाल दिल्ली-रीवा-रायपुर, रीवा-इंदौर नियमित रूप से 72 सीटर हवाई जहाज उड़ते और उतरते हैं. अच्छे खासे यात्री भी एयरलाइंस को मिल रहे हैं. जिसके चलते यहां पर सुविधा बढ़ाने की बात हो रही है, लेकिन एयरलाइन कंपनियां सुविधा बढ़ाने की जगह, रीवा से उड़ने वाले यात्रियों को फिलहाल परेशान करती नजर आ रही है.
शिवानी जैन और उनके परिजन रीवा एयरपोर्ट पर एयरलाइंस के अधिकारियों से गिड़गिड़ाते, लड़ते झगड़ते नजर आ रहे हैं. इस तरीके की हरकत कोई व्यक्ति तब करता है, जब उसे बेहद जरूरी काम हो, लेकिन उसके काम को बेवजह रोक दिया जाए. रीवा एयरपोर्ट के अधिकारी कर्मचारियों पर, एक बार फिर अव्यवस्थाओं, और लापरवाही का आरोप लगा है.
अमरपाटन निवासी शिवानी जैन ने एयरलाइंस कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह एयरपोर्ट के अधिकारी कर्मचारियों की बदसलूकी की बात कह रही है. शिवानी के अनुसार, उसने Alliance Air की फ्लाइट के लिए दिल्ली का टिकट बुक किया था और चेक इन के लिए निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे पहले रीवा एयरपोर्ट पहुंच गई थी. लेकिन जब वह बोर्डिंग के लिए आगे बढ़ी, तो उसे यह कहकर रोक दिया गया कि उसके नाम का कोई टिकट उपलब्ध नहीं है. उस वक्त वहां पर ऐसे कई यात्री मौजूद थे, जिनको इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल करके रोका गया था.
हवाई जहाज से दिल्ली जाने वाली यात्री शिवानी जैन एयरपोर्ट अथॉरिटी की इस बात से बेहद नाराज थी. वीडियो जारी करते हुए शिवानी जैन ने कहा कि जिस फ्लाइट के लिए 72 सीटों की बुकिंग की गई थी, उसकी जगह 48 सीटों वाली छोटी फ्लाइट भेज दी गई. इसके चलते कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा,और वह दिल्ली के लिए सफर नहीं कर पाए.