रामनवमी पर चित्रकूट में भव्य आयोजन: 21 लाख दीपों से जगमगाएगी धर्मनगरी, CM मोहन यादव होंगे शामिल

Ram Navami 2026 in Chitrakoot: राम नवमी के मौके पर घाटों को रंग-बिरंगी लाइटों से मंदिर को सजाया गया है. इसके साथ ही मंदिर में सफेद और हरी झालरें सजाई गई हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Ram Navami 2026: भगवान श्रीराम के प्राकट्य उत्सव रामनवमी के अवसर पर चित्रकूट में इस वर्ष भव्य “नगर गौरव दिवस” का आयोजन किया जा रहा है. शुक्रवार को होने वाले इस आयोजन में पूरे क्षेत्र को दीपों की रोशनी से आलोकित करने की तैयारी की गई है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल होंगे. दिल्ली से रीवा और उसके पश्चात चित्रकूट हेलीपैड पहुंच कर विभिन्न कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. प्रशासन और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से एमपी और यूपी क्षेत्र में कुल 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है.

चित्रकूट आएंगे CM मोहन 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मंदाकिनी नदी के तट पर स्थित भरत घाट और राघव प्रयाग घाट होंगे, जहां 1.51 लाख दीप जलाने की विशेष योजना बनाई गई है. इस ऐतिहासिक आयोजन में लगभग 45 सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस अवसर पर चित्रकूट पहुंचेंगे. वे भरत घाट में आयोजित गंगा आरती में शामिल होंगे और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं.

Advertisement

कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

भक्ति और संस्कृति का संगम रामनवमी के इस पावन अवसर पर चित्रकूट में भक्ति और संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिलेगी. मंदाकिनी तट पर भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की गूंज रहेगी. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे मऊगंज की बघेली लोक गायिका स्नेहा मिश्रा की प्रस्तुति से होगी. इसके अलावा ग्वालियर की तरुणा सिंह के निर्देशन में श्रीराम आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी और उज्जैन के प्रसिद्ध शर्मा बंधु भजन संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे.

8 जोन में बंटा क्षेत्र, एक साथ जलेंगे दीप

एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर के अनुसार, पूरे चित्रकूट क्षेत्र को 8 जोन में विभाजित किया गया है. सभी स्थानों पर एक ही समय शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. घाटों और मंदिरों को आकर्षक सजावट एवं रंगीन रोशनी से सुसज्जित किया गया है. इस भव्य आयोजन के माध्यम से चित्रकूट एक बार फिर अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गरिमा को विश्व पटल पर प्रदर्शित करेगा.

ये भी पढ़ें: IPL 2026: छत्तीसगढ़ में RCB का डबल धमाका, मुंबई और KKR से होगी टक्कर, विराट-रोहित लगाएंगे चौके-छक्के

Topics mentioned in this article